हमारी जिंदगी में कुछ ऐसे लोग होते हैं जिनका चेहरा देखने से हम तौबा करते हैं। हकीकत में तो नहीं लेकिन फोटो या वीडियो से आप जल्द ही ऐसे चेहरे को हटा सकेगें जो आपको पसंद न हो। ऐसे एप्लीकेशन को डेवलप करने पर काम चल रहा है जिससे हम वीडियो या फोटो से किसी का भी फेस गायब कर सकेंगे।
जापान के एप्लीकेशन डेवलपर कायूजा नोशिरो ने बताया कि वो ऐसे ही वीडियो को बनाने पर काम कर रहे हैं। कायूजा जापानी गेमिंग कंपनी ViRD के सीईओ भी हैं। उनका कहना है कि अगर फिल्म में किसी कलाकार का फेस आपको पसंद नहीं है तो आप ऐप की मदद से उसका चेहरा गायब कर सकते हैं। उन्होंने सोशल साइट पर अपना एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उनका चेहरा मास्क की तरह दिखाई दे रहा है। इसमें आंख और मुंह के निशान उभर के आ रहे हैं। लेकिन चेहरा पूरी तरह गायब नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि अभी इस ऐप के डेवलपमेंट का काम चल रहा है। जल्द वो ऐप तैयार कर लेंगे जिससे फोटो या वीडियो से पूरा चेहरा गायब हो जाएगा। जब तक ऐप फुल वर्जन में लॉन्च नहीं होता तब तक ये नहीं कहा जा सकता कि ये किस ऑपरेटिंग सिस्टम में उपलब्ध होगा और किस तरह इससे चेहरे का हटाया जाएगा। लेकिन इस ऐप के आने के बाद खुद का या अपनी नापसंद के किसी भी व्यक्ति का चेहरा गायब कर सकेंगे।
