“बाबू मोशाय जिंदगी बड़ी होनी चाहिए, लंबी नहीं।“ ये फेमस डायलॉग शायद राजेश खन्ना ने अपनी जिंदगी में भी अपनाया इसीलिए उन्होंने समय से पहले ही दुनिया को अलविदा कह दिया। आज बॉलीवुड के इस सुपरस्टार का जन्मदिन है।
बॉलीवुड में काका के नाम से मशहूर राजेश खन्ना की फिल्मों का जादू ऐसा था कि आज की पीढ़ी भी उनकी फिल्मों की दीवानी है। उनके डायलॉग्स आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं। 29 दिसंबर 1942 को अमृतसर में जतिन खन्ना का जन्म हुआ। बचपन से उनपर एक्टिंग का भूत सवार था। लेकिन पिता उन्हें फिल्मी दुनिया में जाने से रोकते थे। इसके बावजूद वो रंगमंच से जुड़ गए। जतिन को राजेश खन्ना नाम उनके चाचा ने दिया और इसी नाम से वो बॉलीवुड में मशहूर हुए। राजेश खन्ना ने 1969 से 1972 तक लगातार 15 हिट फिल्में देने का रिकॉर्ड बनाया, जिसे अभी तक कोई नहीं तोड़ सका है। इसके बाद वो बॉलीवुड के सुपरस्टार बन गए।
शांत स्वभाव के राजेश खन्ना सादगी से जिंदगी जीते थे। उनका ये अंदाज चाहने वालों को बेहद पसंद था। उनकी रोमांटिक फिल्मों की लड़कियां इस कदर दीवानी थी कि कई लड़कियों ने उनकी फोटो तक से शादी कर ली थी। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन भी राजेश खन्ना की एक्टिंग और व्यवहार के मुरीद हैं। दोनों ने एकसाथ 6 फिल्मों में काम किया। आनंद फिल्म में राजेश खन्ना के साथ काम करने को अमिताभ अपनी उपलब्धि बताते हैं। अपने फिल्मी करियर में राजेश खन्ना ने 163 फिल्में की। आनंद, हाथी मेरे साथी, अंदाज, सच्चा झूठा, बावर्ची, जोरू का गुलाम जैसी कई सुपरहिट फिल्में आज भी लोगों की पसंद बनी हुई हैं। आज राजेश खन्ना हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके डायलॉग्स और एक्टिंग चाहने वालों के दिलों में आज भी राज कर रहे हैं।
