सुबह उठने के बाद कुछ हेल्दी खाने की सलाह दी जाती है। जिससे आपको दिनभर एनर्जी मिलती रहे। हालांकि सुबह आप क्या खा रहे हैं ये आपके स्वास्थ्य लिए बहुत मायने रखता है। कुछ लोग सुबह उठकर खाली पेट ही जूस पी लेते हैं तो वहीं कुछ लोग सुबह सुबह फल खाने लगते हैं। हालांकि, सुबह हर फल आपको फायदा दे ऐसा जरूरी नहीं है। आज हम जानेंगे कि सुबह खाली पेट अमरूद खाना चाहिए या नहीं। सुबह अमरूद खाने से फायदा होगा या नुकसान?
इन दिनों अमरूद का सीजन है आपको दिनभर में 1-2 अमरूद जरूर खाने चाहिए। अमरूद में भरपूर विटामिन सी पाया जाता है। कहते हैं सीजनल अमरूद सेब से भी ज्यादा पौष्टिक होता है। अमरूद पाचन को दुरूस्त करता है और कब्ज जैसी समस्याओं को दूर करता है। अमरूद खाने से वजन कम होता है।
अमरूद में विटामिन और पोषक तत्व
अमरूद में विटामिन सी, विटामिन बी6, विटामिन ए, मैग्नीशियम, प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फॉस्फोरस, कैल्शियम और आयरन पाया जाता है। अमरूद डाइटरी फाइबर से भरपूर है जिसमें पोटैशियम की अच्छी मात्रा होती है। इन पोषक तत्वों से भरपूर अमरूद खाने से शरीर को कई फायदे मिलते हैं।
ये होता है सही समय
वैसे अमरूद खाने का सही समय है नाश्ते के बाद और लंच से पहले। अगर आप सुबह फल खाते हैं तो उसमें अमरूद को शामिल कर सकते हैं। हालांकि कुछ लोगों को सुबह खाली पेट अमरूद खाने से पेट में दर्द की समस्या हो सकती है क्योंकि अमरूद के बीजों पचने में काफी समय लगता है। अगर आपको सर्दी जुकाम है तो सुबह खाली पेट अमरूद खाने से बचें। अमरूद का सेवन रात में नहीं करना चाहिए। ठंडे फल रात में खाने से सर्दी जुकाम की समस्या हो सकती है।