चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का कारवां अपने आखिरी मुकाबले पर आ चुका है। रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच 9 मार्च को फाइनल मुकाबला दुबई में खेला जाएगा। भारतीय टीम अभी तक मौजूदा टूर्नामेंट में अजेय है और उसने एक भी मैच नहीं हारा है।
अगर न्यूजीलैंड की बात करें तो कीवी टीम ने एक ग्रुप स्टेज मुकाबला भारत से ही हारा है। ऐसे में फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। कीवी टीम के पास भारत की तरह मजबूत स्पिन गेंदबाजी विभाग है। टीम के पास कप्तान सेंटनर, ब्रेसवेल, फिलिप्स और रचिन रवीन्द्र हैं। ऐसे में फाइनल मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है। जानते हैं चैंपियंस ट्रॉफी में दोनों टीमों का कैसा रिकॉर्ड है।
2000 के फाइनल में मिला था जख्म
बता दें कि, भारतीय टीम अभी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ दो बार आईसीसी फाइनल हार चुकी है। दोनों टीमों के बीच पहला आईसीसी फाइनल साल 2000 में खेला गया था। तब ये मुकाबला चैंपियंस ट्रॉफी 2000 का फाइनल मैच था, जिसमें भारत के लिए सौरव गांगुली ने शतक लगाया था। लेकिन, न्यूजीलैंड के लिए क्रिस केन्स ने दमदार पारी खेली और गांगुली के शतक पर पानी फेर दिया। तब कीवी टीम ने फाइनल मैच चार विकेट से अपने नाम किया था।
WTC फाइनल 2021 में शिकस्त
इसके बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021 का फाइनल मुकाबला खेला गया था, जिसमें न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। इस मैच में न्यूजीलैंड के लिए काइल जेमीसन सबसे बड़े हीरो साबित हुए थे। तब उन्होंने मैच में कुल 7 विकेट हासिल किए थे।
हेड टू हेड रिकॉर्ड…
भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमों के पास दिग्गज खिलाड़ियों की फौज है, जो एकदिवसीय मुकाबलों के महारथी माने जाते हैं। मौजूदा चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में है। वहीं, न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर हैं। चैंपियंस ट्रॉफी में अभी तक भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो ही मुकाबले हुए हैं, जिसमें से एक में भारत ने बाजी मारी है और एक में न्यूजीलैंड की टीम मैच जीतने में सफल रही है।