आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के आखिरी ग्रुप मैच में भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड के साथ होना है। रविवार को होने वाले मुकाबले का दोनों टीमों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। दोनों टीमें दो-दो मैच जीतकर पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली रविवार को अपना 300वां वनडे मुकाबला खेलने के लिए तैयार है।
यह भारतीय बल्लेबाज के लिए एक नई उपलब्धि होगी। ऐसा करने वाले वह सातवें भारतीय और पूरी दुनिया के 21वें बल्लेबाज होंगे। पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में नाबाद शतक जड़कर उन्होंने अपनी फॉर्म और भविष्य को लेकर संदेह को दूर किया था। भारत को दुबई में अपने आखिरी ग्रुप मैच में न्यूजीलैंड का सामना करना है।
दोनों टीमें पहले ही 50 ओवर के टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। इस मैच के दौरान किंग कोहली के पास इतिहास रचने का मौका होगा। कोहली के निशाने पर एक नहीं बल्कि कई महारिकॉर्ड निशाने पर होंगे। विराट आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ने के बेहद करीब है।
सबसे ज्यादा रन…
चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन शिखर धवन के नाम है। धवन ने चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में कुल 10 मैच खेले हैं और 701 रन बनाए हैं। इस समय कोहली चैंपियंस ट्रॉफी में 15 मैच खेलकर 651 रन बना चुके हैं। यानी 51 रन बनाते ही कोहली चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
कीवी के खिलाफ ज्यादा रन
वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ सचिन तेंदुलकर ने 42 मैच खेलकर कुल 1750 रन बनाए हैं। कोहली ने अब तक 31 मैच खेलकर 1645 रन बनाने में सफल रहे हैं। यानी 106 रन बनाकर कोहली, सचिन के इस रिकॉर्ड को तोड़कर आगे निकल सकते हैं।
सबसे ज्यादा शतक
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम है। सहवाग ने कीवी टीम के खिलाफ 23 मैच खेले हैं और कुल 6 शतक लगाए हैं। वहीं, कोहली ने अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 6 शतक लगाने में सफलता हासिल की है। अब एक शतक लगाते ही कोहली कीवी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस का स्कोर
चैंपियंस ट्रॉफी में सर्वाधिक 50 से ज्यादा का स्कोर शिखर धवन के नाम है। धवन ने चैंपियंस ट्रॉफी में कुल मिलाकर 6 बार 50 से ज्यादा स्कोर करने में सफलता हासिल की है। कोहली ने भी चैंपियंस ट्रॉफी में 6, यानी 50 से ज्यादा का स्कोर करने का कमाल कर दिखाया है। सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने भी 6 बार 50 प्लस का स्कोर का रिकॉर्ड चैंपियंस ट्रॉफी में कर दिखाया है।