कप्तान विराट कोहली की कप्तानी पारी के दम पर भारत ने मोहाली में खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को एक ओवर शेष रहते 7 विकेट से हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 149 रन बनाए। जिसके जवाब में भारत ने 19 ओवरों में 151 रन बनाकर मैच 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। श्रेयस अय्यर ने चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई। भारत के लिए कप्तान विराट कोहली ने नाबाद 72 रन बनाए।
टीम इंडिया की पारी, कप्तान विराट का अर्धशतक
साउथ अफ्रीका द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरे टीम इंडिया के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा काफी आक्रामक अंदाज में दिखे, लेकिन 12 गेंदों पर 12 रन बनाकर वो फेहलुकवायो की गेंद पर LBW आउट हो गए। टीम इंडिया को दूसरा झटका शिखर धवन के रूप में लगा जो 31 गेंदों में 40 रन बनाकर तबरेज शम्सी का शिकार बने। रिषभ पंत सिर्फ 4 रन बनाकर फोर्टन की गेंद पर शम्सी के हाथों कैच आउट हो गए।
उधर, एक छोर पर कप्तान विराट कोहली डटे हुए थे, जिन्होंने 52 गेंदों में नाबाद 72 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। विराट कोहली ने इस मुकाबले में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की 22 वीं फिफ्टी जड़ी। इसके अलावा श्रेयस अय्यर 14 गेंदों में 16 रन बनाकर नाबाद रहे।
साउथ अफ्रीका की पारी
दक्षिण अफ्रीका के लिए कप्तान क्विंटन डि कॉक ने सर्वाधिक 52 रन बनाए। टेम्बा बामुवा ने उनका अच्छा साथ दिया और 49 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों के अलावा दक्षिण अफ्रीका को कोई दूसरा बल्लेबाज टिककर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी नहीं कर सका। डेविड मिलर 18 रन बनाकर आउट हुए तो रासी वान डर ड्यूसेन सिर्फ 1 रन बना सके। रीजा हेंड्रिक्स ने 6 रन बनाए। ड्वेन प्रिटोरियस और एंडिले फेलुक्वायो ने क्रमश: 10 और 8 रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका को 149 के स्कोर तक पहुंचाया। भारत की ओर से दीपक चाहर ने 2 विकेट लिए। जडेजा, हार्दिक और सैनी के हाथ 1-1 सफलता लगी। वहीं, भारत की पारी में दक्षिण अफ्रीका के लिए फेलुक्वायो, शम्सी और फॉर्टयूनी ने 1-1 सफलता हासिल की।
मैन ऑफ द मैच कप्तान विराट कोहली
कप्तान विराट कोहली ने शानदार नाबाद 72 रनों की पारी खेली। जिसके दम पर भारत ने आसानी से यह मुकाबला जीत लिया। विराट कोहली को उनकी बेहतरीन पारी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
भारत की प्लेइंग इलेवन-
रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), श्रेयस अय्यर, रिषभ पंत, कृणाल पांड्या, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, दीपक चहर, नवदीप सैनी।
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन-
क्विंटन डी कॉक (कप्तान), रीजा हैन्ड्रिक्स, तेंबा वाबुमा, वेनडर दुसें, डेविड मिलर, फेहलुकवायो, ड्वेन प्रीटोरियस, ब्योर्न फोर्टिन, कगिसो रबाडा, एनरिच नोर्तजे, तबरेज शम्सी।
