हितेश पंत (नई दिल्ली)
क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने राजनीति की अपनी पारी में ऐसा कारनामा किया कि जिसकी चारों तरफ तारीफ हो रही है। सचिन तेंदुलकर को 6 साल तक राज्यसभा सांसद रहते मिली तनख्वाह और भत्ते उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दिए हैं। सचिन के इस कदम के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद उनका आभार व्यक्त किया है।
हाल ही में सचिन तेंदुलकर का राज्यसभा सदस्य का कार्यकाल पूरा हुआ है। हांलाकि सचिन को राज्यसभा में बोलने का मौका न मिल पाया हो, लेकिन एक सांसद के तौर पर उनका कार्यकाल अच्छा रहा है। कार्यकाल पूरा होने के बाद भी सचिन अन्य सांसदों के लिए एक मिसाल कायम कर गए। सचिन को 6 साल तक सांसद के वेतन के रूप में करीब 90 लाख रुपए मिले। सचिन ने ये सारा पैसा प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दिया। इसके अलावा मिले भत्ते भी सचिन ने राहत कोष में दिए हैं।
सचिन की राज्य सभा में कम उपस्थिति के कारण काफी आलोचना हुई थी। लेकिन उनके इस कदम के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने उनका आभार व्यक्त किया। कार्यालय से जारी हुए आभार पत्र में लिखा गया है कि आपकी इस सहृदयता के लिए प्रधानमंत्री आपका आभार व्यक्त करते हैं। प्रधानमंत्री राहत कोष में दिया गया आपका ये योगदान संकटग्रस्त लोगों की मदद करने में बहुत उपयोगी साबित होगा।
सचिन ने सांसद निधि का उपयोग भी जनसुविधा के कार्यों में किया है। सचिन ने अपने कार्यकाल में सांसद निधि से कुल 185 परियोजनाओं को मंजूरी दी। इन योजनाओं के लिए सचिन 30 करोड़ का फंड भी दिया। इसमें 7.4 करोड़ का फंड शिक्षा संबंधी परियोजनाओं के लिए दिया गया। सचिन ने जम्मू कश्मीर के आतंक से प्रभावित इलाकों में भी स्कूलों के लिए सांसद निधि दी है।