भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए विश्वकप से जुड़ी एक खुशखबरी है। 2023 में होने वाला आईसीसी क्रिकेट विश्वकप भारत में आयोजित होगा। इतना ही नहीं 2021 में होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का मेजबान भी भारत ही होगा।

भारत को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट का सफल आयोजक देखने के बाद 2023 का आईसीसी क्रिकेट विश्वकप भारत में आयोजित करने की घोषणा हुई है। इससे पहले 2019 में होने वाला आईसीसी क्रिकेट विश्वकप इंग्लैंड और वेल्स में खेला जाएगा। 2011 में भी भारत में क्रिकेट विश्वकप के कुछ मैच आयोजित हो चुके हैं। ये विश्वकप खासा लोकप्रिय हुआ था और स्टेडियम में दर्शकों की रिकॉर्ड भीड़ जमा हुई थी।
एमएस धोनी की कप्तानी में इस विश्वकप में भारत विजेता रहा। 2011 विश्वकप के सफल आयोजन को देखते हुए 2023 विश्वकप भारत में कराने का फैसला लिया गया है। भारत 1987 और 1996 में भी क्रिकेट विश्वकप का आयोजक रह चुका है। इसके अलावा एक और बड़ी खबर यह है कि 2021 में होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी भी भारत में आयोजित होगी। इस साल इंग्लैंड में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी खेली गई थी, जिसमें भारत उप विजेता रहा था।