अक्सर, हम व्यस्त और काम के दबाव के कारण हेल्दी शरीर के लिए संतुलित आहार नहीं ले पाते हैं जिसकी वजह से हमारे शरीर में कई पोषक तत्वों की कमी हो जाती है और हम कई तरह की परेशानियों का सामना करते हैं। जिंक भी हमारे शरीर के लिए बेहद जरूरी मिनरल है, जो कई फिजिकल एक्टीविटीज को सुचारू ढंग से चलाने में मदद करता है। यह इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने, घाव भरने, डीएनए सिंथेसिस और सेल्स डिवीजन में बड़ी भूमिका निभाता है।
जिंक, स्वाद और गंध की समझ को बनाए रखने में भी मददगार होता है, लेकिन जब शरीर में जिंक की कमी होती है, तो यह धीरे-धीरे शरीर को खोखला करने लगता है, जिससे सेहत से जुड़ी कई समस्याओं की वजह बन सकता है। आजकल युवाओं में इसकी कमी आसानी से देखी जा सकती है। इस आर्टिकल के माध्यम से हम जिंक की आपूर्ति करने वाले आहार के बारे में बात करेंगे।
मांस
मांस जिंक का एक बेहतरीन स्त्रोत है। खासतौर से लाल मांस (जैसे बीफ और भेड़) में जिंक की मात्रा अधिक होती है। चिकन और टर्की भी जिंक का अच्छा स्रोत हैं। अगर आप नॉन वेजिटेरियन हैं, तो अपनी डाइट में इन्हें शामिल करके आसानी से जिंक की कमी को पूरा कर सकते हैं। मांस में जिंक के अलावा अन्य पोषक तत्व भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं।
नट्स और साबुत अनाज
नट्स जैसे काजू, बादाम और अखरोट में जिंक की मात्रा अच्छी होती है। इसके अलावा, साबुत अनाज जैसे गेहूं, चावल और ओट्स भी जिंक का एक अच्छा स्रोत हैं। इन्हें अपनी डाइट में शामिल करके आप जिंक की कमी को पूरा कर सकते हैं।
दूध
डेयरी उत्पाद जैसे दूध, पनीर और दही में भी जिंक पाया जाता है। ये प्रोडक्ट्स न सिर्फ जिंक बल्कि कैल्शियम और प्रोटीन से भी भरपूर होते हैं, जो हड्डियों और मांसपेशियों के लिए फायदेमंद हैं। अगर आप लैक्टोज इनटॉलरेंट हैं, तो आप डेयरी के विकल्प के रूप में सोया मिल्क या नट्स से बने प्रोडक्ट्स को डाइट का हिस्सा बना सकते हैं। इन सभी का प्रयोग करने से जिंक के साथ-साथ अन्य पोषक तत्वों की पूर्ति हो जाती है।
दालें और बीज
दालें और बीज भी जिंक का एक शानदार सोर्स है। कद्दू के बीज, तिल के बीज, और अलसी के बीज में जिंक की मात्रा ज्यादा होती है। इसके अलावा, छोले, मसूर की दाल और राजमा जैसी दालें भी जिंक से भरपूर होती हैं। ये ऑप्शन नॉन वेजिटेरियन्स के लिए खासतौर से फायदेमंद हैं। इसके अलावा दालें प्रोटीन और विटामिन से भरपूर होती है। यह हेल्दी शरीर के लिए बहुत जरूरी होती है।