गूगल का होम पेज खुलते ही आज आपको एक महिला कैमरे से फोटो लेते हुए दिख रही होगी। साथ में कैप्शन दिया Homai Vyarawalla’s 104th birthday. क्या आप जानते हैं कौन थी होमी व्यारवाला। हम आपको बताते हैं, होमी व्यारवाला को भारत की पहली महिला फोटो जर्नलिस्ट होने का गौरव प्राप्त है।
उस दौर में जब महिलाओं का फोटो पत्रकार बनना तो दूर घर से बाहर निकलकर नौकरी करना तक मुश्किल था, तब होमी व्यारवाला ने रुढ़िवादी सोच को दरकिनार कर फोटो पत्रकारिता में अपना करियर बनाया। व्यारवाला का जन्म 13 दिसम्बर 1913 को गुजरात के एक मध्यमवर्गीय पारसी परिवार में हुआ था। उनके पिता पारसी थियेटर में काम करते थे। उन्होंने मुम्बई के जेजे स्कूल ऑफ आट्स से फोटोग्राफी की पढ़ाई की और 18 साल की उम्र में ही प्रोफेशनल फोटोग्राफी शुरु कर दी। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू जैसे कई बड़े राजनेताओं के फोटो खिंचने शुरू कर दिये थे। 15 अगस्त 1947 को लाल किले से तिरंगा फहराया गया तो व्यारवाला ने भी उसे अपने कैमरे में कैद किया। व्यारवाला ने 1930 से 1970 तक फोटो जर्नलिज्म के क्षेत्र में बखुबी काम किया। इस दौरान उन्होंने देशभर में बड़ा नाम कमाया। भारत सरकार ने 2011 में होमी व्यारवाला को पद्म विभूषण से सम्मानित किया। जनवरी 2012 में होमी व्यारवाला का निधन हो गया। आज गूगल ने अपना डूडल बनाकर होमी व्यारवाला को सम्मानित किया है।
