आईफोन के यूनीक फीचर्स और बेहतरीन परफोर्मेंस के चलते ही लोग इसके दीवाने हैं। दीवानगी भी ऐसी कि नई सीरीज लॉन्च होने के दिन ही स्टोर्स पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ती है। अब एपल अपने फोन में ऐसे बदलाव लाने जा रहा है जो यूजर्स को और भी आकर्षित कर सकते हैं।
अमेरिकन मल्टीनेशनल कंपनी एपल हर साल अपने फोन्स को नए और बेहतर बदलावों के साथ लॉन्च करता है। इस साल भी आईफोन में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार एपल 2018 में डुअल सिम वाला आईफोन लॉन्च कर सकता है। एपल अभी तक आईफोन में क्वॉलकॉम चिप का इस्तेमाल करता है। लेकिन अब इसकी जगह वो इंटेल चिप का इस्तेमाल कर सकता है। इसकी वजह ये है कि एपल और क्वॉलकॉम के बीच लाइसेंस से संबंधित कुछ विवाद चल रहे हैं।
दुनिया के अधिकतर देश अब 5G टेक्नोलॉजी पर आधारित सेवाएं देने पर काम काम कर रहे हैं। इंटेल चिप को लेकर ये रिपोर्ट्स आयी हैं कि इनमें 5G टेक्नोलॉजी सपोर्ट नहीं है। अगर ये सही साबित होगा तो एपल पहले की तरह ही क्वॉलकॉम चिप के साथ आईफोन लॉन्च कर सकता है।
इसके उलट अगर आईफोन्स में इंटेल चिप का इस्तेमाल होता है तो डुअल सिम सपोर्ट की सुविधा मिलने की संभावनाएं काफी ज्यादा हैं। डुअल सिम फीचर और भी ज्यादा यूजर्स को आईफोन की तरफ आकर्षित कर सकता है। रिपोर्ट के अनुसार एपल इस साल आईफोन के तीन नए मॉडल लॉन्च कर सकता है।