कार के शौकीनों के लिए एक अच्छी खबर है। देश का सबसे बड़ा कारों का मेला ग्रेटर नोएडा में शुरू हो गया है। यहां ऑटोमोबाइल सेक्टर की दिग्गज कंपनियां अपनी कारों के कई मॉडल लेकर आ रही हैं। अगले दो दिनों तक इस मेले में मीडिया के लोगों को प्रवेश दिया जाएगा, इसके बाद आम लोगों का प्रवेश 9 फरवरी से हो सकेगा।
ऑटो एक्सपो 2018 की शुरुआत बुधवार से हुई। ऑटो एक्सपो के इस 14वें एडिशन में 24 नई गाड़ियां लॉन्च होंगी। इस बार ऑटो एक्सपो में करीब 100 वाहन प्रदर्शित किए जाएंगे। इन वाहनों में कार, एसयूवी, टू व्हीलर, थ्री व्हीलर, बस, ट्रक, फ्यूचर व्हीकल सहित कई अन्य श्रेणियां शामिल हैं।
इस एक्सपो में जाने के लिए आप ऑनलाइन या ऑफलाइन टिकट ले सकते हैं। बिजनेस आवर के दौरान टिकट 750 रुपए का होगा। बिजनेस आवर सुबह 10 बजे से 1 बजे तक का है। पब्लिक आवर जो 1 बजे से 6 बजे तक है इस बीच टिकट की कीमत 350 रुपए रखी गई है। इसके अलावा वीकेंड पर एंट्री के लिए आपको 475 रुपए का टिकट लेना होगा।
एक्सपो में ऑटोमोबाइल कंपनी होंडा अपनी न्यू जनरेशन अमेज के साथ कई अन्य मॉडल पेश करेगी। वहीं मारुति सुजुकी अपनी कॉन्सेप्ट फ्यूचलर एस कार और कई अन्य मॉडल का प्रदर्शन कर रही है। हुंडई अपनी नई Elite i20 को नए मॉडल और अलॉय व्हील्स के साथ लॉन्च कर रही है। टाटा मोटर्स 6 इलैक्ट्रिक कारों के साथ एक्सपो में आई है।
हीरो मोटोकॉर्प, होंडा, सुजुकी, टीवीएस इस एक्सपो में दमदार टू व्हीलर का प्रदर्शन कर रही है। कारों, टू व्हीलर्स के दीवानों के लिए ये एक खास मौका है जहां आप अपनी पसंदीदा कारों के दीदार के साथ उनकी जानकारी ले सकते हैं। ये ऑटो एक्सपो 14 फरवरी तक चलेगा।




