डिजिटल साक्षरता की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। आए दिन हमें इस बात के संकेत मिलते रहते हैं कि कम्प्यूटर और इंटरनेट की पहुंच शहरों के साथ गांवों में भी तेजी से बढ़ी है। छत्तीसगढ़ से आई एक ऐसी ही खबर बताती है कि कैसे सरकारी स्कूलों के बच्चे कम्प्यूटर शिक्षा में निपुण हो रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की डिप्टी कलैक्टर प्रियंका शुक्ला ने मंगलवार सुबह एक ट्वीट किया। ट्विट में राजकीय हाई स्कूल तपकरा की एक आईटी छात्रा का विडियो शेयर करते हुए वहां की कम्प्यूटर शिक्षा को उजागर किया। विडियो में ये छोटी सी बच्ची बड़े ही बेहतर तरीके से प्रश्न का उत्तर दे रही है।
छात्रा से जब प्रश्न किया गया कि गूगल क्या है, तो उसका उत्तर कुछ यूं था, “गूगल एक सर्च इंजन है। किसी विषय विशेष पर जानकारी खोजने के लिए सर्च इंजन का उपयोग किया जाता है। वेबसाइट पर कुछ मुख्य शब्द लिखने के बाद एक बड़ी सी सूची प्रदर्शित होती है, उससे हमें जानकारी प्राप्त होती है।“
छोटी कक्षा की छात्रा द्वारा गूगल की इस तरह से व्याख्या करना बताता है कि सरकारी स्कूल के बच्चे भी कम्प्यूटर और इंटरनेट की बेहतर जानकारी रखते हैं। लगातार बढ़ते कॉम्पीटीशन के दौर में सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए इस तरह की शिक्षा बेहद जरूरी है जिससे वे हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
