पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी खेली जा रही है। आज इंग्लैंड और अफगानिस्तान के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में मुकाबला खेला जा रहा है। इस बीच आईसीसी ने नई रैंकिंग जारी कर दी। लगातार एकदिवसीय मुकाबले खेले जाने की वजह से रैंकिंग में काफी बदलाव देखने को मिला है।
जहां एक ओर शुभमन गिल ने पाकिस्तान के बाबर आजम पर अपनी लीड और बढ़ा लिया तो, वहीं विराट कोहली ने भी टॉप पांच में छलांग लगाई। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने शानदार शतक लगाया था, इसका फायदा उन्हें मिलता हुआ नजर आ रहा है। बुधवार को आईसीसी ने यह रैंकिंग जारी की है।
आईसीसी की ओर से जारी की गई नई रैंकिंग में शुभमन गिल नंबर एक की कुर्सी पर काबिज है। इस बार उनकी रेटिंग बढ़कर 817 की हो गई। हालांकि, वे अभी तक अपनी ऑलटाइम हाई रेटिंग हासिल नहीं कर पाए हैं, जब साल 2023 में वे 847 तक की रेटिंग पर पहुंच गए थे।
वहीं, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम नंबर दो पर बने हुए हैं। उनकी रेटिंग 770 की है। यानी पहले और दूसरे नंबर के बीच रेटिंग का फासला काफी बढ़ गया है, जिसे पाट पाना अब बाबर आजम के लिए आसान नहीं होगा। तीसरे नंबर पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा मौजूद है। रोहित शर्मा की रेटिंग 757 हैं।
टॉप पांच में पहुंचे कोहली
हालांकि, पिछली दो पारियों में उनके बल्ले से बहुत ज्यादा रन नहीं निकले हैं। साउथ अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाजों में से एक हेनरिक क्लासेन की बात की जाए तो वे 749 की रेटिंग के साथ नंबर 4 पर बने हुए हैं। इस बीच भारत के विराट कोहली ने एक स्थान की छलांग मारी है। वे अब 743 की रेटिंग के साथ नंबर 5 पर पहुंच गए हैं।
भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 111 बॉल पर 100 रनों की नाबाद पारी खेली थी। जिसका फायदा इस बार मिला है। इस बीच न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को एक स्थान का नुकसान हुआ है। वे अब 717 की रेटिंग के साथ नंबर 6 पर चले गए हैं। आयरलैंड के हैरी टैक्टर 713 की रेटिंग के साथ नंबर 7 पर अपनी जगह बनाए रखने में कामयाब रहे हैं।