भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में एक बार फिर से महारिकॉर्ड बनाने के लिए तैयार हैं। हाल में इंग्लैंड के साथ खेली गई वनडे सीरीज में कोहली फॉर्म में दिखे। सीरीज के आखिरी मुकाबले में उनके बल्ले से लंबे समय बाद पचासा निकला। हालांकि, सीरीज के पहले मुकाबले में वह चोट की वजह से नहीं खेले थे। दूसरे मैच में वह कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाए लेकिन आखिरी मैच में वह लय में दिखे।
विराट कोहली का आईसीसी टूर्नामेंट से पहले लय में आना भारतीय टीम के लिए अच्छा संकेत है। क्योंकि कोहली का जो स्तर है, वो किसी टीम का कॉन्फिडेंस हिलाने के लिए काफी है। वहीं विराट कोहली अगर अपनी इस फॉर्म को आगे जारी रखते हैं तो वह एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं।
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान विराट कोहली के निशाने पर टूर्नामेंट का महारिकॉर्ड होगा। कोहली ने चैंपियंस ट्रॉफी में 13 मैचों की 12 पारियों में 88.16 की औसत और 92.32 की स्ट्राइक रेट से 529 रन बनाए हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरे सबसे अधिक शतक लगाने वाले इस बल्लेबाज ने हालांकि, अभी तक इस टूर्नामेंट में एक भी शतक नहीं लगाया लेकिन पांच फिफ्टी जरूर लगाई।
बता दें कि, आसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम है, जिन्होंने 10 मैचों की 10 पारियों में 3 शतक और 3 अर्द्धशतक के दम पर 701 रन बनाए हैं। इस दौरान धवन का औसत 77.88 का और स्ट्राइक रेट 101.59 का रहा है। भारत लीग स्टेज में तीन मुकाबले खेलेगा और अगर कोहली इन मैचों में 173 रन बना लेते हैं तो वह कई दिग्गजों को पीछे छोड़ देंगे।
चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज….
बल्लेबाज मैच रन
क्रिस गेल 17 791
महेला जयवर्धने 22 742
शिखर धवन 10 701
कुमार संगाकारा 22 683
सौरव गांगुली 13 665
जैक्स कैलिस 17 653
राहुल द्रविड़ 19 627
रिकी पोंटिंग 18 593
एसएन चन्द्रपॉल 16 587
सनथ जयसूर्या 20 536
विराट कोहली 13 529