हितेश पंत (नई दिल्ली)
हरियाणा की लड़की ने एक बार फिर से विश्व स्तर पर देश का नाम ऊंचा किया है। शूटिंग वर्ल्ड कप प्रतियोगिता के दूसरे दिन भारत की ओर से प्रतिनिधित्व कर रही मनु भाकेर ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मैडल अपने नाम किया है। मनु ने बीते दिनों दिल्ली में हुई खेलो इंडिया स्कूल गेम्स में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर चुकीं हैं।
मैक्सिको के ग्वादलहारा में चल रही शूटिंग वर्ल्ड कप प्रतियोगिता के 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में मनु ने गोल्ड मैडल जीता। मनु हरियाणा के झज्जर की रहने वाली हैं। मनु की उम्र महज 16 साल है और उन्होंने देश के बेहतरीन निशानेबाजों में अपना नाम जोड़ लिया है। मनु झज्जर के यूनिवर्सल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ती हैं।
बीते दिनों दिल्ली में खेल मंत्रायल द्वारा आयोजित खेलो इंडिया स्कूल गेम्स प्रतियोगिता में भी मनु भाकेर का प्रदर्शन लाजवाब रहा। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में दो जूनियर लेवल नेशनल रिकॉर्ड तोड़ते हुए गोल्ड मैडल जीता था। मनु की उम्र भले ही कम हो लेकिन उनकी निशानेबाजी अच्छे खासे निशानेबाजों से कम नहीं है।
मैक्सिको में चल रहे शूटिंग वर्ल्ड कप में देश के अन्य निशानेबाज भी लाजवाब प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत के शहजर रिजवी ने 10 मीटर शूटिंग ईवेंट में नया विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मैडल हासिल किया है। 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में मेहुली घोष ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा शूटर जीतू राय ने भी वर्ल्ड कप प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता है।
