संघर्ष, मेहनत और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए महाराष्ट्र के जलगांव के 28 वर्षीय भूषण ठाकरे ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में 1 करोड़ रुपये(KBC 1 Crore Winner) जीतकर इतिहास रच दिया है। वह इस सीजन के पहले करोड़पति बन गए हैं। बेहद साधारण परिवार से आने वाले भूषण पिछले कई वर्षों से यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर उन्होंने अपनी ज्ञान और समझ के दम पर कई कठिन सवालों के जवाब दिए और 1 करोड़ रुपये के मुकाम तक पहुंचे।
भूषण की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि जब वह मुंबई पहुंचे थे, तब उनकी जेब में महज 24 रुपये थे। 18 साल की उम्र से KBC में आने का सपना देख रहे भूषण ने साल 2016 में पहली बार रजिस्ट्रेशन कराया था। करीब एक दशक की कोशिशों के बाद आखिरकार उनका सपना सच हो गया।
दिहाड़ी मजदूरी करने वाले परिवार से आते हैं भूषण
भूषण ठाकरे जलगांव के एक साधारण परिवार से हैं। उनके पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं, जबकि मां भी परिवार की आर्थिक मदद के लिए मजदूरी करती हैं। परिवार की मासिक आमदनी करीब 15 से 20 हजार रुपये के बीच है। आर्थिक तंगी और मां की स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बावजूद भूषण ने आईएएस अधिकारी बनने का सपना नहीं छोड़ा। साल 2020 से उन्होंने यूपीएससी की गंभीर तैयारी शुरू की और इसके लिए कई महीनों तक घर से दूर भी रहना पड़ा।
पढ़ाई के लिए बिक गए मां के गहने
KBC के दौरान भूषण ने बताया कि उनकी पढ़ाई जारी रखने के लिए पिता ने मां के गहने तक बेच दिए थे। परिवार की स्थिति को देखते हुए भूषण ने नदी के पास काम करना भी शुरू किया, लेकिन पिता ने उन्हें पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी।
अब 1 करोड़ रुपये जीतने(KBC 1 Crore Winner) के बाद भूषण का पहला संकल्प मां के गहने वापस दिलाना है। वह उन्हें पहले से दोगुने गहने देने का सपना देखते हैं। इसके अलावा वह परिवार को आर्थिक सहारा देना और अच्छी कोचिंग में दाखिला लेकर यूपीएससी की तैयारी जारी रखना चाहते हैं।
7 करोड़ के सवाल पर लिया समझदारी भरा फैसला
यूपीएससी की तैयारी में पढ़े इतिहास, संविधान और सामान्य ज्ञान ने KBC में भूषण की काफी मदद की। उन्होंने बिना किसी लाइफलाइन के 1 करोड़ रुपये के 15वें सवाल का सही जवाब दिया। सवाल 1949 में संविधान सभा में आपातकालीन शक्तियों के दुरुपयोग पर चर्चा के दौरान एच. वी. कामथ द्वारा उल्लेखित संविधान से जुड़ा था। सही जवाब ‘वाइमर संविधान’ था।
इसके बाद भूषण 7 करोड़ रुपये के जैकपॉट सवाल तक पहुंचे। सवाल जॉर्ज ए. ग्रियर्सन के भाषाई सर्वेक्षण से संबंधित था। लाइफलाइन उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्होंने जोखिम लेने के बजाय क्विट करने का फैसला किया। हालांकि, अमिताभ बच्चन के पूछने पर उन्होंने सही विकल्प ‘कैम्बरली’ बताया।
भूषण ठाकरे की कहानी दिखाती है कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मेहनत, धैर्य और सही फैसलों से बड़े सपनों की ओर बढ़ा जा सकता है।