अच्छी एजुकेशन लेकर मोटी सेलरी वाली नौकरी हर किसी युवा का सपना होती है। युवा देश के नामी-गिरामी कॉलेजों से लेकर विदेशों तक में पढ़ाई के सपने देखते हैं। विदेश में पढ़ाई का इतना क्रेज है कि इसके लिए लाखों रुपए खर्च करते हैं। हम आपको ऐसे देशों के बारे में बताएंगे जहां आप लगभग मुफ्त में पढ़ाई कर सकते हैं।
दुनिया के कुछ देश ऐसे हैं जो मुफ्त में या बहुत कम फीस पर एजुकेशन देते हैं। उच्च शिक्षा के लिए ये देश विदेशी छात्रों को भी आमंत्रित करते हैं। शिक्षा के लिए बेहतरीन काम करने वालों में जर्मनी की जवाब नहीं। यह देश अपने यहां के छात्रों के साथ विदेशी छात्रों को भी बहुत कम खर्च पर शिक्षा मुहैया कराता है। यहां के सभी सरकारी कॉलेजों में ट्यूशन फीस नहीं ली जाती।
छात्रों से बस एडमिनिस्ट्रेश फीस ली जाती है, जो 15-20 हजार के बीच होती है। फिनलैंड में अगर आप वहां की स्थानीय भाषा में पढ़ाई करते हैं तो आप मुफ्त में पढ़ाई कर सकते हैं। इसी तरह अगर आप नार्वे की भाषा जानते हैं तो आप ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन से लेकर डॉक्टरेट की पढ़ाई तक फ्री में कर सकते हैं। फ्रांस और स्पेन में भी कई सरकारी कॉलेज ऐसे हैं जहां छात्रों को शिक्षा मुफ्त या बहुत कम खर्च पर दी जाती है। स्वीडन के कॉलेजों से आप मुफ्त में पीएचडी कर सकते हैं और साथ में आपको फैलोशिप भी दी जाएगी। इसी तरह ऑस्ट्रिया में भी बहुत कम खर्च पर आप उच्च शिक्षा ले सकते हैं। अगर आप विदेशों में पढ़ाई का मन बना रहे हैं तो इन देशों के कॉलेजों की जानकारी ले सकते हैं।
