हितेश पंत (नई दिल्ली)
कार निर्माता कंपनियों की लिस्ट में पिछले कई साल से देश में राज कर रही मारुति सुजुकी की बादशाहत इस साल भी कायम है। अप्रैल 2018 में देश में बिकने वाली टॉप-10 कारों में से 7 कार मारुति सुजुकी की हैं। बाकि की 3 स्थानों में हुंड्ई की कारों ने अपनी जगह बनाई है। दोनों दिग्गज कंपनियों ने अन्य कंपनियों की कारों को टॉप-10 की लिस्ट से बाहर कर दिया है।
देश की सबसे पुरानी कार निर्माता कंपनियों में से एक मारुति सुजुकी के प्रति लोगों का विश्वास लगातार कायम है। वाहन बनाने वाली कंपनियों के संगठन सियाम द्वारा जारी रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि होती है। सियाम की रिपोर्ट में बताया गया है कि इस साल अप्रैल में सबसे ज्यादा मांग मारुति सुजुकी की कारों की रही है।
रिपोर्ट के अनुसार इस साल अप्रैल में सबसे ज्यादा बिकने वाली कार मारुति सुजुकी की स्विफ्ट है। इस मॉडल की कुल 22,776 कारें देश में बिकी हैं। अप्रैल में सबसे ज्यादा बिकने वाली दूसरी कार मारूति सुजुकी की डिजायर है। इस मॉडल की 21,401 कारें लोगों ने खरीदी हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर मारूति की ही ऑल्टो है। इसकी 21,233 कारें अप्रैल में बिकी हैं।
टॉप 10 बिक्री की कारों में चौथे नंबर पर मारुति नेक्सा की बलेनो है, जिसकी 20,412 कारें अप्रैल में बिकी। मारुति की ही वैगन आर 16,531 इकाइयों की बिक्री के साथ पांचवे नंबर पर है। छठे नंबर पर हुंड्ई की आई 20 कार है, इसकी 12,369 कारें अप्रैल में बिकी हैं। अप्रैल में हुंड्ई की 12,174 ग्रैंड आई 10 बिकी, इसे सांतवां स्थान मिला है।
आठवें नंबर और नंवे नंबर पर फिर मारुति ने बाजी मारी है। इसकी विटारा ब्रेजा 10,818 कारों के साथ सांतवे और सिलेरियो 9,631 कारों की बिक्री के साथ आठवें नंबर पर रही। हुंड्ई की क्रेटा इस सूची में 10 वें नंबर पर है, अप्रैल में इस कार की 9,390 यूनिट्स बेची गई।