टीम इंडिया के क्रिकेटर यूसुफ पठान की टीम में वापसी मुश्किल होती जा रही है। एक चौंकाने वाले खुलासे के अनुसार पिछले साल हुए डोप टेस्ट में यूसुफ के फेल होने के बाद उन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। बीसीसीआई ने बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन को उन्हें टीम में शामिल न करने के आदेश दिए थे।
टीम इंडिया के धुंआधार ऑलराउंडर यूसुफ पठान पिछले साल रणजी ट्राफी के दौरान हुए डोप टेस्ट में फेल हो गए थे। बीसीसीआई के अनुसार टूर्नामेंट के बीच में यूसुफ ने प्रतिबंधित दवा का सेवन किया था। टेस्ट रिपोर्ट पोजीटिव आने के बाद उन्हें दोषी करार दिया गया। इसके बाद बीसीसीआई ने उन्हें टूर्नामेंट के अन्य मैच खेलने से रोक दिया था। बीसीसीआई ने उन पर पांच महीनों का बैन लगाया है। इस मामले पर यूसुफ पठान का कहना है कि वे तब अस्वस्थ थे और उन्होंने भूल से कफ सिरप ले लिया था जिसके कारण वो डोप टेस्ट में फेल हुए। क्योंकि दवा लेने से पहले यूसुफ ने डॉक्टर की सलाह नहीं ली थी इस कारण वे दोषी पाए गए। बीसीसीआई ने यूसुफ की बात मानते हुए उन्हें कुछ छूट दी है। अब 15 जनवरी के बाद वे घरेलु क्रिकेट खेल सकेंगे।
