ड्राइविंग करते वक्त सबसे जरूरी है कि ट्रैफिक नियमों का सही तरह से पालन किया जाए। अगर आपको ट्रैफिक नियमों की सही जानकारी नहीं है तो ये जानलेवा होने के साथ आप पर मोटा जुर्माना लगा सकता है। हाल ही में एक नया ट्रैफिक नियम लागू हुआ है, जो हर कार चलाने वाले को जानना जरूरी है।
कार लेने के बाद हर कोई उस पर कई तरह की ऐसेसीरीज लगवाता है। कुछ तो कार का लुक बेहतर बनाने के लिए होती हैं और कुछ कार की सुरक्षा के लिए। कार को सामने से सुरक्षित रखने के लिए लगाया जाने वाला बंपर या क्रैश गार्ड जानलेवा साबित हो सकता है। ट्रैफिक नियमों के अनुसार ये बंपर लगाना गैरकानूनी है। इन्हें कार में लगाना मोटर व्हीकल एक्ट 1988 के सेक्शन 52 का उल्लंघन माना जाता है। केंद्र सरकार ने देश के सभी आरटीओ ऑफिसों को ये आदेश दिए हैं कि कारों में ऐसे बंपर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अगर आपकी कार में ऐसा बंपर लगा है तो आरटीओ आप पर 2000 रुपए तक का जुर्माना लगा सकता है। केंद्र सरकार ने बंपर गार्ड बेचने वालों पर भी 5000 रुपए जुर्माना लगाने का आदेश दिया है। सरकार का मानना है कि कार की टक्कर होने पर ये बंपर कार की चपेट में आने वालों का ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं। एक्सपर्ट मानते हैं कि ये बंपर कार के एयर बैग्स खुलने में भी बाधा बनते हैं और इससे कार में बैठे लोगों का ज्यादा नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए अगर आपकी कार में बंपर गार्ड लगा है तो उसे तुरंत हटवा लीजिए।
