इस बार का ऑटो एक्सपो कई मायनों में खास है। इसमें कई ऑटोमोबाइल कंपनियां अपने बहुप्रतीक्षित मॉडलों से पर्दा उठाने वाली हैं, तो नई तकनीक पर आधारित कुछ नई कारें भी इस एक्सपो में लॉन्च होंगी। यहां मारुति सुजुकी भी एक ऐसी कॉम्पैक्ट एसयूवी लॉन्च करने जा रही है जो इलैक्ट्रिक कंसैप्ट पर आधारित है।
नोएडा में 9 फरवरी से शुरू हो रहे ऑटो एक्सपो 2018 पर सभी कार प्रेमियों की नजर है। यहां तमाम ऑटोमोबाइल कंपनियां अपने ग्राहकों के लिए कुछ न कुछ नया लाने वाली हैं। मारुति सुजुकी भी e-Survivor नाम से एक कॉम्पैक्ट एसयूवी लॉन्च करेगी। ये एसयूवी डीजल-पैट्रोल से नहीं बल्कि इलैक्ट्रिसिटी से चलेगी। भारत में कार को चार्ज करने के लिए भी कंपनी अलग व्यवस्था करने की तैयारी कर रही है।
ऑटो एक्सपो में लॉन्च होने वाली e-Survivor एक स्टडी मॉडल है जिसमें कई तकनीकों का समावेश है। ये ऑपन टॉप वाली 2 सीटर कार होगी। भारत में इलैक्ट्रिक गाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए मारुति सुजुकी का ये कदम बेहद अहम है। इसे देश में फ्यूचर मॉबिलिटी के तौर पर देखा जा रहा है।
मारुति सुजुकी 2020 तक भारत में इलैक्ट्रिक कारें लाने पर काम कर रही है। इसके लिए मारुति सुजुकी और टोयोटा मोटर्स के बीच एक अहम समझौता हुआ है। मारुति सुजुकी अलावा अन्य कंपनियां भी देश में फ्यूचर मोबिलिटी की दिशा में काम कर रही हैं।
मारुति सुजुकी ला रही बेहतरीन खूबियों वाली ये कार