भारत के दिग्गज क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, मोहम्मद कैफ समेत दुनिया के कई खिलाड़ी एक बार फिर मैदान में खेलते नजर आएंगे। फर्क बस इतना है कि इस बार ये क्रिकेटर बर्फ पर क्रिकेट खेलेंगे। इस आइस टूर्नामेंट में दो टीमें हिस्सा ले रही हैं।
आने वाले साल में क्रिकेट के एक नए संस्करण सेंट मोरिट्ज क्रिकेट 2018 की शुरूवात होने जा रही है। न्यूजीलैंड के सेंट मोरिट्ज में 8 और 9 फरवरी को आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में दुनियाभर के नामी खिलाड़ी खेलेंगे। इस टूर्नामेंट को आईसीसी से मान्यता मिल गई है। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट में अपने पुराने पसंदीदा खिलाड़ियों को फिर से खेलते देखना उनके फैंस के लिए एक सुखद अनुभव होगा। बस एक छोटा सा फर्क ये होगा कि ये क्रिकेट बर्फ पर खेला जाएगा। सेंट मोरिट्ज क्रिकेट टूर्नामेंट अपने अनोखे अंदाज और काबलियत के दम पर जल्द विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना लेगा। इस टूर्नामेंट में दो टीमें डायमंड और रॉयल हिल्स खेल रही हैं। जिनमें भारत के वीरेंद्र सहवाग, मोहम्मद कैफ, पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी, शोएब अख्तर, ऑस्ट्रेलिया के माइकल हसी, साउथ अफ्रीका के जाक कैलिस, न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी, इंग्लैंड के मोंटी पनेसर, श्रीलंका के महेला जयवर्धने और मलिंगा सहित कई अन्य खिलाड़ी खेलने जा रहे हैं।
