क्रिकेट में भारत एक बार फिर विश्व विजेता बन गया है। इस बार बाजी मारी देश के अंडर 19 टीम के खिलाड़ियों ने। पहले भारतीय गेंदबाजों के शानदा प्रदर्शन और फिर मनजोत के बेहतरीन शतक की बदौलत अंडर19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है।
न्यूजीलैंड में चल रहे अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप टूर्नामेंट जीतकर टीम इंडिया ने देश का नाम पूरे विश्व में ऊंचा कर दिया। भारत के नाम ये अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप का चौथा खिताब है। ऑस्ट्रेलिया के साथ हुए फाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का दमखम शुरूआत से काबिज रहा। 217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडियन टीम को ऑपनर्स ने बेहतर शुरुवात दी। पृथ्वी शॉ और मनजोत की अर्धशतकीय साझेदारी से टीम इंडिया ने मैच में अपनी पकड़ बना ली। मनजोत कालरा के बेहतरीन शतक से भारत ने ये मुकाबला सिर्फ 39 ऑवरों में ही जीत लिया। मनजोत ने 101 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा हार्विक देसाई ने 47 रन और शुभमान गिल ने 31 रन भारतीय स्कोर बोर्ड में जोड़े।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। लेकिन पूरी टीम 50 ऑवर भी नहीं खेल सकी। ऑस्ट्रेलिया के सभी बल्लेबाज 47.2 ऑवर में 216 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोनाथन मेरलो ने सर्वाधिक 76 रन बनाए। इसके अलावा परम उप्पल ने 34 रनों की पारी खेली। भारतीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलियन टीम पर शुरू से ही हावी रहे। सभी गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलियन टीम को पवेलियन पहुंचाने में बराबर की भागीदारी निभायी। ईशान पॉरेल, कमलेश नागरकोटी, शिवा सिंह, अनुकूल रॉय ने 2-2 विकेट लिए, जबकि शिवम मावी ने 1 विकेट अपने नाम किया।
इस पूरे वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में ही भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद दमदार रहा है। इंडियन टीम ने सभी मुकाबले में जीत दर्ज की है। वर्ल्ड कप जीत की खबर के बाद क्रिकेट प्रशंसक अलग-अलग तरीके से खुशी का इजहार कर रहे हैं। बड़ी शख्सियतों से लेकर हर कोई टीम को बधाई दे रहा है। वहीं दूसरी और खिलाड़ियों के घरों में भी उत्साह का माहौल है।
क्रिकेट में फिर विश्व विजेता बना भारत