हितेश पंत (नई दिल्ली)
शूटिंग प्रतियोगिता में भारतीय निशानेबाज लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप निशानेबाजी प्रतियोगिता में भी भारत के निशानेबाज बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार की निशानेबाज मुस्कान ने भारत के लिए 9वां स्वर्ण पदक जीतकर देश को पदक तालिका में सबसे ऊपर पहुंचा दिया।
आस्ट्रेलिया के सिडनी में चल रही आईएसएसएफ जूनियर निशानेबाज प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ी अचूक निशाना लगा रहे हैं। बुधवार को भारतीय निशानेबाज मुस्कान ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। ये मुस्कान का पहला अंतरराष्ट्रीय पदक है। 17 साल की मुस्कान का फाइनल में निशाना लाजवाब रहा। वो 35 अंकों के साथ पहले स्थान पर रही, चीन की किन सिहांग 34 अंकों के साथ दूसरे और थाइलैंड की कायनाकॉर्न 26 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर रहीं।
इस पदक के साथ भारत मैडल लिस्ट में टॉप पर आ गया है। भारत के पास 9 गोल्ड, 4 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज मैडल के साथ कुल 21 पदक हैं। पदक तालिका में दूसरे नंबर पर चीन है। उसके पास 8 स्वर्ण, 8 रजत और 7 कांस्य पदक के साथ कुल 23 मैडल हैं।
प्रतियोगिता में भारत की ओर से मुस्कान, मनु भाकेर, दिव्यांशी राणा ने स्वर्ण पदक जीते हैं। रजत पदक जीतने वालों में गौर, महिमा अग्रवाल और तनु रावल शामिल हैं। यह प्रतियोगिता 29 मार्च तक चलने वाली है।