हितेश पंत (नई दिल्ली)
सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा दे रहे छात्रों के लिए एक अहम खबर आयी है। सीबीएसई ने 12वीं और 10वीं की एक-एक विषय की परीक्षा निरस्त कर उसे दोबारा कराने का फैसाला लिया है। बीते दिनों 10वीं कक्षा के गणित और 12वीं कक्षा के इकोनॉमिक्स का एग्जाम पेपर लीक होने की खबर आयी थी। उसी के बाद सीबीएसई ने इन दोनों विषयों का एग्जाम दोबारा कराने का फैसला लिया है। आगे ऐसी घटनाएं न हो इसके लिए इलैक्टॉनिक कोडेड पेपर पर विचार हो रहा है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दोबारा एग्जाम कराने के फैसले से सीबीएसई के साथ-साथ छात्रों की भी फजिहत होगी। दरअसल बीते बुधवार को 10वीं के गणित की परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा चलने के साथ ही पेपर लीक हो जाने की खबर भी चलने लगी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पेपर का जब मिलान किया गया तो वो पूरी तरह से एग्जाम वाले पेपर से मिलता जुलता था।
दो दिन पहले सोमवार को 12वीं के इकोनोमिक्स के पेपर लीक होने की खबर भी एग्जाम के साथ साथ वायरल होने लगी। सीबीएसई पहले तो इन खबरों का खंडन करता रहा, फिर बाद में जांच की बात कहकर बात टाल दी गई। अब सीबीएसई ने इन दोनों विषयों की परीक्षा को दोबारा कराने का निर्णय लिया है।
दोबारा परीक्षा के फैसले से कई छात्र और अभिभावक दोनों नाराज हैं। अभिभावकों का कहना है कि दोबारा-दोबारा परीक्षा होने से छात्र परेशान रहते हैं और उनमें तनाव रहता है। पेपर लीक होने छात्रों की मेहनत बर्बाद हो रही है। सीबीएसई का कहना है कि छात्रों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। सीबीएसई छात्रों के हित में फैसले लेगा। दोबारा पेपर किस तारीख को होंगे इसका अभी फैसला नहीं हुआ है। लेकिन अगले हफ्ते में ही परीक्षा तिथि का ऐलान कर दिया जाएगा।
केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय का कहना है पेपर लीक की खबरों से सरकार चिंतित है और आगे ऐसा न हो इसके लिए सिस्टम तैयार किया जा रहा है। अब सीबीएसई में इलैक्ट्रॉनिक पेपर का उपयोग हो सकता है। परीक्षा से आधा घंटा पहले पेपर सेंटर पर भेजा जाएगा और पासवर्ड भी तभी जारी होगा। पासवर्ड मैच होने पर सेंटर में पेपर का प्रिंट आउट लिया जाएगा।