पुलिस में नौकरी करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। नए साल में उत्तर प्रदेश पुलिस बड़ी संख्या में भर्ती करने की तैयारी कर रही है। प्रदेश में सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल दोनों के पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को जल्द पुलिस में नौकरी का तोहफा देगी। पुलिस सब-इंस्पेक्टर की 5 हजार और कांस्टेबल की लगभग 42 हजार पदों पर जल्द ही भर्ती विज्ञापन जारी हो सकता है। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड को इस संदर्भ में प्रपोजल भेजा है। इसके तहत महिला-पुरुष सब-इस्पेक्टर के लिए 5 हजार पदों पर नई भर्ती होगी। इसके अलावा नागरिक पुलिस के 24 हजार कांस्टेबल तथा 18 हजार पीएसी जवानों के पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरु की जाएगी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश को नए साल में 2707 पुरुष सब-इंस्पेक्टर और 600 महिला सब-इंस्पेक्टर भी मिल जाएंगे। इन 3307 सब-इंस्पेटर के पदों पर लिखित परीक्षा पहले ही आयोजित हो चुकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही परिणाम घोषित होकर चयनित उम्मीदवारों का परीक्षण शुरु हो जाएगा।
