ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी ने वर्ष 2017 के ‘वर्ड ऑफ द ईयर’ की घोषणा कर दी है। युवा मतदाताओं में राजनीतिक जागृति को ज्यादा से ज्यादा दिखाने वाले शब्द ‘यूथक्वैक’ को वर्ड ऑफ द ईयर घोषित किया गया।
बीबीसी के अनुसार 1960 में वोग की संपादक डियाना व्रिलैंड ने यूथक्वैक का सबसे पहले इस्तेमाल किया था। उस दौर में फैशन, संगीत और युवा प्रवृत्ति में आए बदलाव के लिए इसका इस्तेमाल किया गया था। ऑक्सफॉर्ड डिक्शनरी ने इस शब्द के अर्थ को युवाओं के प्रयास से हुए सांस्कृतिक, सामाजिक या राजनीतिक बदलाव के रूप में बताया है। ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी के अनुसार 2017 में विभिन्न जगहों पर होने वाले भाषणों में इस शब्द का इस्तेमाल 5 गुना बढ़ गया। ब्रिटेन में हुए आम चुनाव में युवाओं का प्रभाव दिखाने के लिए इस शब्द को बहुत इस्तेमाल हुआ। पिछले साल ऑक्सफोर्ड ने अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनाव में डॉनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद पोस्ट ट्रूथ को वर्ड ऑफ द ईयर चुना था। ऑक्सफोर्ड का वर्ड ऑफ द ईयर वह शब्द होता है जिसने साल भर ज्यादा से ज्यादा लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा हो और जिसे अखबारों, किताबों में खूब इस्तेमाल किया गया हो।