सुपरस्टार अमिताभ बच्चन और आमिर खान के फैंस उनकी फिल्म ठग्स ऑफ हिंदुस्तान का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म की थाईलैंड शैड्यूल शूटिंग पूरी हो चुकी है। शूट पूरा होते ही अमिताभ बच्चन ने अपने फिल्मी किरदार के लुक में इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर की, जो फैंस के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है।
टग्स ऑफ हिंदुस्तान में आमिर, अमिताभ बच्चन, कैटरीना कैफ और दंगल गर्ल फतिमा सना शेख मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में आमिर और बिग बी दोनों का लुक काफी बदला हुआ है। आमिर का फिल्मी लुक तो पहले ही पब्लिक हो गया था। कल बिग बी ने भी अपना फिल्मी लुक फैंस के लिए सोशल मीडिया पर शेयर किया। फोटो में उन्होंने कैप्शन दिया है, “थाईलैंड के जंगलों और ठंड के बीच से , ‘ठग्स ऑफ हिंदुस्तान’ की शूटिंग खत्म करने के बाद अब वापस मुंबई की गर्मी में घर जाने को तैयार हूं।” उनका ऐसा लुक शायद ही आपने किसी फिल्म में देखा हो। इस फिल्म के साथ पहली बार बिग बी और आमिर खान किसी फिल्म में साथ काम कर रहे हैं। धूम-3 और टशन जैसी फिल्मों के निर्देशक रहे विजय कृष्ण आचार्य इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। फिल्म अगले साल रिलीज होगी।
