हितेश पंत (नई दिल्ली)
योग से विश्व में अपनी पहचान बनाने वाले बाबा रामदेव पहले आयुर्वेदिक उत्पादों से और फिर घरेलू उपयोग के पदार्थों को बाजार में उतार कर बड़ी-बड़ी कंपनियों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। बाबा रामदेव के पतंजलि ब्रांड ने अब टेलीकॉम सेक्टर में उतरने का ऐलान कर दिया है। पतंजलि ने बीएसएनएल के साथ मिलकर स्वदेशी समृद्धि सिम कार्ड लॉन्च किया है।
स्वदेशी सेवाओं को बढ़ावा देने की अपील करने वाले बाबा रामदेव अपने पतंजलि ब्रांड के साथ नई सेवाओं को जोड़ रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने सोमवार को स्वदेशी समृद्धि सिम लॉन्च किया। इस सेवा के लिए पतंजलि ने सार्वजनिक क्षेत्र की टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल के साथ करार किया है। शुरूआत में इसकी सेवाएं केवल पतंजलि के कर्मचारियों के लिए ही होंगी। आने वाले समय में इस अन्य ग्राहकों के लिए भी जारी किया जाएगा।
स्वदेशी समृद्धि सिम कार्ड की लॉन्चिंग के साथ पतंजलि ने अपने कुछ प्लान की भी घोषणा की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सबसे कम मुल्य का प्लान 144 रुपए का होगा। इस प्लान में किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही ग्राहकों को हर रोज 2जीबी डेटा और 100 एसएमएस भी मिलेंगे। इस प्लान की वैलिडिटी 30 दिनों की होगी। प्लान में कोई रोमिंग शुल्क भी नहीं लगेगा।
इसके साथ ही पतंजलि ने दो और प्लान की घोषणा की है। ये प्लान 792 रुपए और 1584 रुपए के होंगे। दोनों प्लान में सारी सुविधाएं 144 रुपए वाले प्लान की ही होंगी। लेकिन वैलिडिटी बढ़ी हुई मिलेगी। 792 रुपए वाले प्लान में 180 दिनों की वैलिडिटी और 1584 रुपए वाले प्लान में 365 दिनों की वैलिडिटी दी जाएगी।
इसके साथ ही पतंजली स्वदेशी समृद्धि सिम के उपभोगताओं को बीमा सुविधा भी देने जा रहा है। उपभोगताओं को 5 लाख रुपए तक का जीवन बीमा और 2.5 लाख रुपए तक का मेडिकल हेल्थ बीमा मिलेगा। मेडिकल हेल्थ बीमा में सिर्फ एक्सीडेंट कवर ही शामिल होगा। सिम के साथ बीमा कवर की सुविधा अपने आप में एक यूनीक ऑफर है।
इतना नहीं पतंजलि समृद्धि सिम कार्ड के उपभोगताओं को पतंजलि के उत्पाद लेने पर 10 प्रतिशत का अतिरिक्त डिस्काउंट भी मिलेगा। शुरूआत में ये सिम कार्ड पतंजलि के कर्मचारियों को ही मिलेगा। बाद में इसे अन्य लोगों के लिए भी उपलब्ध कराया जाएगा। बाबा रामदेव का कहना है कि स्वदेशी उत्पादों की बढ़ावा देते हैं। देशवासियों की सेवा के विजन के साथ हमनें बीएसएनएल के साथ हाथ मिलाया है।