हितेश पंत (नई दिल्ली)
महिला हॉकी के एशियन चैपियंस ट्रॉफी मुकाबले में भारतीय टीम ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन को जारी रखा है। बुधवार को भारत-चीन के बीच हुए मुकाबले को भारत ने अपने खाते में डाल लिया। वंदना कटारिया और गुरजीत कौर के गोलों की बदौलत भारत ने ये मैच 3-1 से अपने नाम किया। इससे पहले जापान को भारत ने टूर्नामेंट में धूल चटाई है।
दक्षिण कोरिया में चल रहे एशियन चैपियंस ट्रॉफी में भारतीय महिला टीम शुरुआत से ही चीन पर हावी रही। भारत की ओर से वंदना कटारिया ने मैच के चौथे मिनट में फील्ड गोल कर टीम का खाता खोला। हांलाकि इस बीच मिले पेनल्टी कॉर्नर को भारतीय टीम गोल में तब्दील नहीं कर पाई। इस बीच चीन की टीम भी गोल करने के कई प्रयास करती रही लेकिन भारतीय गोलकीपर के शानदार गेम की बदौलत चीनी सफल नहीं हो सके।
वंदना कटारिया ने मैच के 11वें मिनट में एक और गोल टीम के नाम किया। चीन की टीम मैच के पहले क्वार्टर से पहले एक गोल करने में कामयाब रही। चीन की वेन डान ने भारत के खिलाफ गोल करते हुए स्कोर 2-1 पर कर दिया। इसके बाद चौथे क्वार्टर तक दोनों टीमें गोल के लिए जूझती रहीं। लेकिन कामयाबी नहीं मिल पाई।
मैच के 50वें मिनट में भारत के पाले में एक और पेनाल्टी कॉर्नर आया। इस बार भारतीय टीम इस भुनाने में पूरी तरह कामयाब हुई। भारत की ओर गुरजीत कौर ने इस पैनाल्टी कॉर्नर को लपकते हुए भारत के लिए तीसरा गोल किया। मैच के अंत में भारत ने चीन को 3-1 से करारी हार दी। इस टूर्नामेंट में महिला को ही भारतीय टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य कोच शोर्ड मारिन की देखरेख में टीम का प्रदर्शन बेहतर हो रहा है।