हितेश पंत (नई दिल्ली)
भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। बात चाहे ट्रेनों में सफाई की हो या खानपान की, रेलवे सभी तरह बेहतर सेवाएं देने का काम कर रहा है। अब ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए रेलवे ने बड़ी शुरुआत की है। मुसिबत से बचने के लिए ट्रेन के हर कोच में अब पैनिक बटन लगेगा।
महिलाएं अब ट्रेन में सुरक्षित और चैन से सफर कर सकेंगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए भारतीय रेलवे कुछ नए कदम उठाने जा रहा है। अब ट्रेन के हर कोच में एक पैनिक बटन की सुविधा मिलेगी। महिलाएं किसी भी परेशानी में इस बटन को प्रेस कर सकती हैं। कोच में पैनिक बटन प्रेस होते ही रेलवे की टीम उस कोच में मदद के लिए पहुंच जाएगी।
इसके अलावा अब आने वाले समय में ट्रेन कोचों की निगरानी भी रेलवे करने जा रहा है। इसके लिए ट्रेन के हर कोच में सीसीटीवी लगाए जाएंगे। रेलवे द्वारा निर्धारित कंट्रोल रूम में सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग मिलेगी। रेलवे की टीम सीसीटीवी के माध्यम से ट्रेन के अंदर हो रही गतिविधियों पर नजर रखेगी। महिलाओं की सुरक्षा में ये एक बड़ा कदम है।
रेलवे ने साल 2018 को महिलाओं क सुरक्षा के लिए समर्पित किया है। इसके चलते ट्रेनों की सुरक्षा चाक चौबंद करने के लिए रेलवे कड़ी मेहनत कर रहा है। ट्रेनों में लगने वाले लेडीज कोच को अक्सर आखिर में जोड़ा जाता है लेकिन अब इन कोचों को ट्रेन के बीच में जोड़े जाने की तैयारी है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए आरक्षित कोच को अलग रंग से रंगने पर भी विचार हो रहा है।
