हितेश पंत (नई दिल्ली)
सुपरस्टार अमिताभ बच्चन आज फिल्म इंडस्ट्री के शहंशाह हैं। फिल्मों में उनके नाम का सिक्का बॉलीवुड में ही नहीं बल्कि हॉलीवुड में भी खूब चलता है। इसलिए उन्हें बॉलीवुड के महानायक का दर्जा दिया गया है। लेकिन बॉलीवुड में उनकी शुरूआत के बारे में जानकर आपको भी हैरत होगी। यहां हम आपको उनकी पहली फिल्म की कमाई के बारे में भी बताएंगे।
अमिताभ बच्चन को बॉलीवुड में 49 साल पूरे हो चुके हैं। बॉलीवुड में अमिताभ बच्चन के करियर की शुरूआत 1969 में आयी फिल्म सात हिन्दुस्तानी से हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन किया था ख्वाजा अहमद अब्बास ने। अब्बास साहब ही फिल्म के प्रोड्यूसर भी थे।
सात हिंदुस्तानी के बारे में बताते हुए एक्टर टीनू आनंद कहते हैं कि ख्वाजा अब्बास उनके पारिवारिक मित्रों में से थे। इसलिए अक्सर उनसे मुलाकात हो जाती थी। इसलिए टीनू को भी फिल्म में रोल मिल गया। अब फिल्म के लिए एक्ट्रेस की जरूरत थी, ख्वाजा अब्बास ने टीनू की दोस्त नीना सिंह को फिल्म की एक्ट्रेस चुन लिया। इसी बीच नीना ने टीनू को अमिताभ के बारे में बताया कि वो फिल्म इंडस्ट्री में आने के इच्छुक हैं।
ख्वाजा अब्बास तक बात पहुंची तो उन्होंने ऑडिशन के लिए बुला लिया, लेकिन शर्त की रहने, खाने-पीने का खर्च खुद उठाना होगा और ऑडिशन होने तक इंतजार करना होगा। अमिताभ पहुंचे, ऑडिशन हुआ और फिल्म में काम मिल गया। पूरी फिल्म में काम करने के लिए 5 हजार रुपए मिलने की बात तय हुई। अमिताभ इसके लिए राजी हो गए और उन्हें फिल्म में एक कवि का रोल मिला। तो ये थी अमिताभ बच्चन के बॉलीवुड में एंट्री की छोटी सी कहानी।
