हितेश पंत (नई दिल्ली)
अगर आप भीम ऐप से भुगतान करते हैं तो केंद्र सरकार से आपके लिए एक फायदे की खबर आयी है। भीम ऐप उपयोग करने वालों को अब भुगतान में कैशबैक और इंसेन्टिव मिलेगा। सरकार ने इसके लिए 900 करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया है। बीती 14 अप्रैल से भीम ऐप से ट्रांजेक्शन पर कैशबैक और इंसेन्टिव मिलना शुरू हो गया है।
भीम ऐप से डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने ये कैशबैक योजना शुरू की है। बीती 14 अप्रैल को भीम ऐप लॉन्च हुए एक साल पूरा हो गया है। इस खास मौके पर सरकार ने ग्राहकों को अधिकतम 750 रुपए और व्यापारियों के अधिकतम 1000 रुपए तक के कैशबैक देने की आधिकारिक घोषणा की। ये नई स्कीम ग्राहकों और व्यापारियों दोनों के लिए होगी।
इस स्कीम में नया यूजर जब भीम ऐप से पहला ट्रांजेक्शन पूरा करेगा तो उसे 51 रुपए का कैशबैक मिल रहा है। खास बात ये है कि इस कैशबैक के लिए कोई न्यूनतम धनराशि के ट्रांजेक्शन की शर्त नहीं रखी गई है। यानी कोई भी नया यूजर अगर भीम ऐप से 1 रुपए का भी पहला ट्रांजेक्शन करता है तो भी उसे 51 रुपए का कैशबैक मिल रहा है।
यूजर्स को हर महीने ट्रांजेक्शन करने पर इंसेन्टिव देने की योजना भी है। भीम ऐप से 100 रूपए के हर ट्रांजेक्शन पर 25 रुपए का कैशबैक दिया जा रहा है। इस तरह एक यूजर हर महीने अधिकतम 500 रुपए का कैशबैक ले सकता है। इसके अलावा 25 से 50 ट्रांजेक्शन करने पर 100 रुपए का कैशबैक मिलेगा, जबकि 50 से 100 ट्रांजेक्शन करने पर 200 रुपए का कैशबैक दिया जाएगा।
व्यापारियों के लिए भीम ऐप से भुगतान करने पर कैशबैक की योजना है। व्यापारी 25 रुपए की कम से कम 10 ट्रांजेक्शन करते हैं तो हर ट्रांजेक्शन पर 10 प्रतिशत कैशबैक मिलेगा। लेकिन अधिकतम कैशबैक 50 रुपए ही मिल सकता है। भीम ऐप को लोगों के बीच और भी पॉपुलर बनाने के लिए सरकार ने ये कैशबैक स्कीम शुरू की है।