हितेश पंत (नई दिल्ली)
आईपीएल 2018 के विजेता टीम चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने आलोचकों को बेहतरीन जवाब दिया है। आईपीएल शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को उम्रदराज खिलाड़ियों की टीम बोला जा रहा था। लेकिन पूरे टूर्नामेंट में इस टीम ने आचोलकों की बोलती बंद रखी। जीत के बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने बयान दिया कि मैदान में खिलाड़ी की उम्र मायने नहीं रखती बल्कि उसकी फिटनेस सबसे महत्वपूर्ण होती है।
रविवार को हुई आईपीएल 2018 के फाइनल मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने हैदराबाद की टीम को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। मैच में हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी की और 6 विकेट खोकर चेन्नई को 179 रनों को लक्ष्य दिया। चेन्नई की टीम ने भी अपनी पारी में आक्रामक रूख कायम रखा। सिर्फ दो विकेट खोकर टीम ने 181 रन बनाए और जीत दर्ज की। चेन्नई की ओर से शेन वॉटसन ने नाबाद 117 रनों की पारी खेली।
मैच के बाद धोनी ने अपने इंटरव्यू में आलोचकों की बोलती बंद कर दी। उन्होंने कहा की लोग अक्सर खिलाड़ियों की उम्र को लेकर बात करते हैं। लेकिन किसी भी खिलाड़ी के लिए फिटनेस सबसे जरूरी है। उम्र सिर्फ एक नंबर है। अच्छे प्रदर्शन के लिए खिलाड़ी को पूरी तरह फिट होना चाहिए। उन्होंने कहा आप किसी भी टीम के कप्तान से पूछेंगे तो उत्तर मिलेगी कि वो ऐसा खिलाड़ी चाहते हैं जो पूरी तरह फिट हो।
धोनी ने कहा कि हर खिलाड़ी किसी भी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने के बाद अपनी भूमिका अच्छे से जानता है। चाहे बॉलिंग की बात हो या फील्डिंग की, खिलाड़ियों को अपनी रणनीति के अनुसार चलना होता है। हमारी टीम के बल्लेबाज खास शैली के लिए जाने जाते हैं। पर हम अपनी कमजोरियां भी अच्छी तरह से जानते हैं।
धोनी से इस टूर्नामेंट में उनकी सर्वश्रेष्ठ जीत के बारे में प्रश्न किया गया तो उन्होंने जवाब दिया कि हर जीत उनके लिए सर्वश्रेष्ठ है। विजेता बनने वाली टीम की हर जीत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने टीम के बल्लेबाजों की तारीफ करते हुए हमारे बल्लेबाज सामने वाली टीम पर दबाव बनाए रखने में कामयाब रहे और हमारी रणनीति के चलते बल्लेबाज सफल रहे।