टोक्यो ओलंपिक में आज भारत के लिहाज से दिन अच्छा रहा। जहां भारतीय खिलाड़ी दीपिका कुमारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीरंदाजी प्रतियोगिता की व्यक्तिगत स्पर्धा के तीसरे दौर में जगह हासिल की और वहीं, ओलंपिक में तरुणदीप राय और प्रवीण जाधव दूसरे दौर से आगे बढ़ ही नहीं पाए।
इनसे करना पड़ा कड़ी चुनौती का सामना
आपको बता दें कि विश्व की नंबर एक खिलाड़ी दीपिका कुमारी को युमेनोशिमा पार्क पर चल रही हवाओं से निशाना बैठाने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। जहां दीपिका ने महिला रिकर्व व्यक्तिगत वर्ग के पहले दौर में भूटान की कर्मा को 6-0 से परास्त कर दिया लेकिन 24 वीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी जेनिफर मुसिनो फर्नांडिस से उन्हें कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। जहां दीपिका ने इस मैच मेंं भी 6-4 से जीत हासिल की।
खास बात
हालांकि, भारतीय खिलाड़ी दीपिका ने अमेरिका की 18 वर्षीय जेनिफर के खिलाफ सात अंक से शुरुआत की। जहां दीपिका को पहला सेट 25-26 से गंवाना पड़ा लेकिन उन्होंने अगले दो सेट में परफेक्ट-10 के करीब तीन स्कोर बनाकर 28-25 और 27-25 से जीत हासिल करके बढ़त बनाई।
पांचवे सेट में फिर उठाया फायदा
बता दें कि चौथे सेट में दीपिका का दूसरा तीर बुल्स आई से काफी दूर चला गया और उन्हें इसके लिए केवल छह अंक ही प्राप्त हुए। दरअसल. अमेरिकी तीरंदाज ने इसका फायदा उठाते हुए 25-24 से मुकाबले को बराबरी के स्तर पर गेम को ले आई। वहीं, पांचवें सेट में दीपिका ने जेनिफर की गलतियों का भी फायदा उठाकर 26-25 से मैच जीत लिया।
आसानी से जीत लिया मैच
वहीं, दीपिका ने पहले और दूसरे सेट में समान 8, 9 और 9 अंक हासिल करके 26-23 के समान अंतर से जीत हासिल की। बता दें कि दोनों खिलाड़ियों ने तीसरे सेट में करीब एक-एक परफेक्ट-10 लगाया लेकिन भूटानी तीरंदाज के लगातार गलतियों के चलते दीपिका ने इसमें भी 27-24 से बड़ी आसानी से जीत लिया।



