अमेजन दुनिया की माने-जाने वाली दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अब एक नई तकनीक पर काम कर रही है। इसके जरिए लोग अपनी हथेली की मदद से आसानी से पेमेंट कर पाएंगे। उन्हें इसके लिए न तो किसी प्रकार के स्मार्टफोन की आवश्यकता होगी और न ही किसी दूसरे डिवाइस की। इस नए सिस्टम को ‘अमेजन वन’ नाम दिया गया है। जेफ बेजोस की कंपनी को उम्मीद है कि इससे रिटेल का काम ज्यादा आसान हो जाएगा और लोग बिना किसी सरफेस को टच किए आसानी से पेमेंट कर पाएंगे।
इस टेक्नोलॉजी पर काम करता है अमेजन वन
आसान भाषा में समझें तो अमेजन वन आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) रिकग्नेशन टेक्नोलॉजी पर काम करता है, जो यूजर्स के ‘पाम सिग्नेचर’ (हथेली की लकीरों आदि) को पहचान कर काम करता है। कंपनी का कहना है कि इस सिस्टम का प्रयोग करने वाले लोग प्वाइंट ऑफ सेल (POS) काउंटर पर पेमेंट कर पाएंगे। साथ ही वो ऑफिस, जिम और रिटेल स्टोर्स आदि के गेट पर अमेजन वन डिवाइस पर अपनी हथेली स्कैन पर एंट्री कर पाएंगे।
पूरी प्रकिया में लगेेगा इतना समय
अगर कोई अमेजन वन का इस्तेमाल करना चाहेंगे तो उन्हें अपना कार्ड, मोबाइल नंबर और पाम डाटा (हथेली की बनावट आदि) शेयर करना होगा। इस पूरी प्रक्रिया में एक मिनट से भी कम समय लगेगा और इसका इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को इस डिवाइस पर अपनी हथेली घूमानी पड़ेगी। यह डिवाइस कंप्यूटर विजन की मदद से हथेली की पहचान करेगा। इसके बाद यह सिस्टम में सबमिट किए गए डाटा को प्रोसेस करेगा।
यहां भी इसका इस्तेमाल करने की योजना बना रही कंपनी
अमेजन का कहना है कि एक बार इस सर्विस के लिए साइन अप करने के बाद रिटेल स्टोर के कई काम आसान हो जाएंगे और तेज रफ्तार से हो सकेंगे। अभी तक कंपनी ने इस टेक्नोलॉजी को सियेटल में अपने दो अमेजन गो स्टोर्स पर एंट्री ऑप्शन के तौर पर इस्तेमाल करना शुरू किया है। अब कंपनी दूसरी जगहों पर अन्य फिजिकल रिटेल स्टोर्स पर इसका इस्तेमाल करने की योजना बना रही है।



