इसमें कोई दोराय नहीं कि आमतौर पर हम खाने को स्वादिष्ट बनाने के लिए उसमें जीरे का तड़का जरूर लगाते है। फिर भले ही हमें कोई आम सब्जी बनानी हो या कुछ खास व्यंजन बनाना हो, लेकिन हम सबसे पहले जीरे का इस्तेमाल करते है। वैसे भी अब जब प्याज की कीमतें इतनी ज्यादा बढ़ चुकी है, तो कुछ लोग सिर्फ जीरे का तड़का लगा कर ही अपना काम चलाते है। मगर क्या आप जानते है कि भोजन में जीरे का इस्तेमाल करना कितना हानिकारक हो सकता है। अब आप सोच रहे होंगे कि भला जीरा हानिकारक कैसे हो सकता है। तो चलिए इसके पीछे की असली वजह भी हम आपको बताते है।
भोजन में जीरे का इस्तेमाल हो सकता है जानलेवा..
अगर खबरों की माने तो यह मुद्दा दिल्ली से शुरू हुआ है। जहाँ बवाना थाना पुलिस ने फूल झाड़ू के चूरे से नकली जीरा बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। जी हां पुलिस ने इस फैक्ट्री में काम कर रहे चार मजदूरों को भी गिरफ्तार कर लिया है। यानि अगर हम सीधे शब्दों में कहे तो आप जिस जीरे का इस्तेमाल करते है, वह नकली भी हो सकता है और ऐसा जीरा यक़ीनन आपकी सेहत के लिए काफी हानिकारक हो सकता है। आपको जान कर हैरानी होगी कि पुलिस ने इस फैक्ट्री से करीब बीस हजार किलो नकली जीरा और 8075 किलो कच्चा पदार्थ बरामद किया है।
इसके साथ ही इस मामले की जाँच करने के बाद ये पता चला है कि फूल झाड़ू के चूरे में गुड़ का शीरा और पत्थर का पाउडर मिला कर ही नकली जीरा तैयार किया जाता था। हालांकि पुलिस अभी भी इस मामले की पूरी जाँच कर रही है, लेकिन फिर भी हम आपको सावधान करना चाहते है। वो इसलिए क्यूंकि हो सकता है कि आप जो भोजन में जीरे का इस्तेमाल कर रहे हो, वह नकली जीरा हो। इसलिए अगर हो सके तो इस बात का खास ध्यान रखे और सावधानी बरते।



