बुधवार को आईपीएल 2019 का तीसरा मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। जहां एक तरफ चेन्नई सुपर किंग्स अपने आठ मैचों में से साथ में जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर है। वहीं दूसरी तरफ हैदराबाद को अभी प्ले ऑफ की दौड़ में शामिल रहने के लिए कुछ मैच और जीतने होंगे। इस मैच में 133 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद चेन्नई सुपर किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। डेविड वॉर्नर के 25 गेंदों पर 50 रनों की ताबड़तोड़ पारी और जॉनी बेयरस्टो की 61 रनों की पारी की बदौलत हैदराबाद में मैच जीत लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 132 रन बनाए। चेन्नई की ओर से सबसे ज्यादा रन फॉफ डू प्लेसिस ने बनाया। फॉफ डू प्लेसिस ने 31 गेंदों पर 45 रनों की पारी खेली। जिसमें उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके अलावा आज कप्तानी कर रहे सुरेश रैना ने 13 रनों का योगदान दिया। शेन वॉटसन ने भी 31 रन बनाए। केदार जाधव ने 1 रन और आखरी में बल्लेबाजी करते हुए अंबाती रायडू ने नाबाद 25 और रविंद्र जडेजा ने नाबाद 10 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से राशिद खान ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को सधी हुई शुरुआत मिली और सलामी बल्लेबाजों ने टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। 66 रन पर टीम का पहला विकेट गिरा। जब डेविड वॉर्नर 25 गेंदों पर 50 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने कुल 10 चौके लगाए। इसके बाद जॉनी बेयरस्टो की 44 गेंदों पर 61 रन की महत्वपूर्ण पारी में टीम को जीत के करीब पहुंचाया। हालांकि वह भी आउट हो गए। इसके बाद दीपक हुडा ने 16 गेंदों पर 13 रन पारी खेलकर हैदराबाद को जीत दिला दी। चेन्नई की ओर से इमरान ताहिर ने 2 विकेट लिये।
इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जगह सुरेश रैना को कप्तान बना कर टीम को खेलने के लिए उतारा गया। धोनी को इस मैच में आराम दिया गया था।

