आईपीएल 2019 के 30वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से था। इस रोमांचक मैच में दिल्ली की टीम ने बहुत ही आसानी से हैदराबाद को 39 रनों से हरा दिया। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से डेविड वॉर्नर का अर्धशतक नाकाम रहा। जबकि दिल्ली की ओर से कैगिसो रबाडा ने चार विकेट लेकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ ही दिल्ली ने 8 मैचों में कुल 5 मैच जीत लिए हैं। वही हैदराबाद में सात मैचों में यह चौथी हार है। अपने गेंदबाजों की मदद से दिल्ली की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 116 रनों पर ऑल आउट कर दिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खाकर 155 रनों का स्कोर बनाया। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शाह और शिखर धवन कुछ खास नहीं कर पाए। उसके बाद आए मुनरो ने 23 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने भी 40 गेंदों में 45 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। ऋषभ पंत ने भी 19 गेंदों पर 23 रन बनाए और टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अपनी सहायता दी। हैदराबाद की ओर से खलील अहमद को 3, भुवनेश्वर कुमार को 2 तथा अभिषेक शर्मा और राशिद खान को एक-एक विकेट मिले।
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को डेविड वॉर्नर और जॉनी बेयरस्टो ने अच्छी शुरुआत दिलाई और टीम के लिए 72 रन जोड़े। हैदराबाद की ओर से डेविड वॉर्नर ने 47 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली। जिसमें उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। वहीं जॉनी बेयरस्टो ने 31 गेंद पर 41 रनों की पारी खेली। जिसमें उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा हैदराबाद की तरफ से कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा और पूरी टीम 116 रनों पर सिमट गई। दिल्ली की ओर से कगीसो रबाडा ने 4 विकेट क्रिस मॉरिस ने 3 विकेट तथा कीमो पौल ने 3 विकेट लिए।

