आईपीएल 2019 का 28 वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेला गया।। विराट कोहली की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम अपने पिछले सभी छह मैच हार चुकी थी। ऐसे में विराट कोहली एंड कंपनी के लिए यह मैच जीतना बहुत ही जरूरी था। प्ले ऑफ में पहुंचने के लिए बेंगलुरु को अपने बचे आठ मैच जीतने जरूरी था। आईपीएल 2019 के इस मैच में बेंगलुरु ने पंजाब को 8 विकेट से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की और प्वाइंट्स टेबल पर दो अंक पा लिए।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 173 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। पंजाब की ओर से विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने 64 गेंदों में 99 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इस पारी के दौरान क्रिस गेल ने 10 चौके और 5 छक्के लगाए। क्रिस गेल के अलावा पंजाब का कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना पाया। पंजाब की ओर से लोकेश राहुल ने 15 गेंदों पर 18 रन ,मयंक अग्रवाल ने 9 गेंद पर 15 रन, सरफराज ने 13 गेंद पर 15, सैम करन ने 3 गेंद पर 1 रन और मनदीप सिंह ने 16 गेंद पर 18 रन की नाबाद पारी खेली। क्रिस गेल नाबाद तो रहे मगर वह अपना शतक पूरा करने से चूक गये।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत अच्छी नहीं रही और फिर 43 के स्कोर पर टीम को पार्थिव पटेल के रूप में पहला झटका लगा। पार्थिव पटेल 19 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मैदान पर आए डिविलियर्स और विराट कोहली के बीच लंबी साझेदारी हुई और टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया। विराट कोहली उस समय आउट हुए जब टीम का स्कोर 128 रन था। विराट कोहली ने 53 गेंदों पर 67 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने 8 चौके लगाए। इसके बाद एबी डिविलियर्स और मार्कस स्टोइनिस ने मिलकर टीम को जीत दिला दी। डिविलियर्स ने 38 गेंदों पर शानदार 59 रनों की पारी खेली। जिसमें उन्होंने 5 चौके और दो छक्के लगाए। वही स्टोइनिस ने 16 गेंद पर 28 रनों की पारी खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान निभाया।
किंग्स इलेवन पंजाब की हार का मुख्य कारण पंजाब की खराब फील्डिंग थी। टीम के खिलाड़ियों ने कई बार बहुत आसान सी जगह पर मिस फील्ड की उन्होंने डिविलियर्स जैसे खतरनाक बल्लेबाज के कैच भी छोड़े। जिसकी वजह से टीम को हार का सामना करना पड़ा। बेंगलुरु के लिए यह बात सुकून देने वाली है कि उसने आईपीएल 2019 में अपनी जीत का खाता खोल लिया है।

