हर चार वर्षों में ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप होता है जिसमें 10 राष्ट्र हिस्सा लेते हैं और सभी राष्ट्रों के एक दूसरे से मुकाबले होते हैं। इस वर्ष विश्व कप इंग्लैंड-वेल्स में खेला जाएगा। क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 के लिए भारतीय टीम के सदस्यों का चुनाव हो गया है। भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली रहेंगे और उप कप्तान रोहित शर्मा तथा विकेट कीपर महेंद्र सिंह धोनी होंगे। अतिरिक्त विकेट कीपर के लिए दिनेश कार्तिक को टीम में रखा गया है जबकि ऋषभ पंत को बाहर कर दिया गया है। भारतीय टीम के सदस्यों के नाम कुछ इस प्रकार हैं विराट कोहली (कैप्टन), रोहित शर्मा (वाइस-कैप्टन), शिखर धवन, विजय शंकर, केएल राहुल, दिनेश कार्तिक, युजुवेन्द्र चहल, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जस्प्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी।
विश्व कप के लिए जारी की गई इस टीम की लिस्ट में युवा खिलाड़ी ऋषभ पंत की जगह दिनेश कार्तिक को रखा गया है यह बात कुछ लोगों को हजम नहीं हो रही है। आइए जानते हैं कि क्या वजह रह गयी जिस कारण से ऋषभ पंत को टीम में जगह न मिल सकी। हालांकि बल्लेबाजी के मामले में दोनों ही खिलाड़ी आक्रामक रूप में देखे जाते हैं किन्तु संयम के मामले में ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक से पीछे हटते हुए नजर आते हैं। दिनेश कार्तिक ने संयम का प्रदर्शन करते हुए टीम को अहम मौकों पर जीत का स्वाद चखाया है। पिछले वर्ष बांग्लादेश के खिलाफ हुआ निदहास ट्रॉफी का फाइनल मैच इस बात का साक्षी रहा है।
यदि हम बात करें विकेटकीपिंग के मामले में भी तो दिनेश कार्तिक ऋषभ पंत की अपेक्षा अधिक सक्रिय नजर आते हैं। इसका उदाहरण हाल ही में हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऋषभ पंत की खराब विकेटकीपिंग के चलते टीम ने एक मुकाबला भी गंवाया था। जबकि दिनेश कार्तिक को देखें तो वह न सिर्फ विकेटकीपिंग ही बल्कि मैदान के हर कोने में बेहतर फील्डिंग करने का दम रखते हैं और यही उनकी खूबियों में से एक है। चूंकि यह विश्व कप इंग्लैंड में होना है, तो इस आधार पर टीम में दिनेश कार्तिक ज्यादा फिट बैठ रहे हैं क्योंकि ऋषभ पंत की अपेक्षा दिनेश कार्तिक को अंतरराष्ट्रीय पिचों पर खेलने का अनुभव कहीं ज्यादा है।
एक दिवसीय मैचों में जब आपकी टीम संघर्ष कर रही हो तो विकेट बचा कर संयम से खेलने की आवश्यकता होती है और महेंद्र सिंह धोनी इस काम में बहुत ही माहिर खिलाड़ी हैं इसी वजह से उनकी इतनी तारीफ होती है। यहीं ऋषभ पंत के आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के दौरों को देखें तो जहां टीम को संयमी प्लेयर की आवश्यकता होती है वहां ऋषभ अपने बड़े शॉट लगाने के चक्कर में आउट होते नजर आते हैं जबकि दिनेश कार्तिक संयमित होकर खेलते हैं। भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने भी कहा कि विश्व कप के लिए उन्होंने अनुभव को प्राथमिकता दी है। इसलिए ऋषभ पंत की जगह दिनेश कार्तिक को टीम में चुना जाना लाजमी था।

