15 अप्रैल को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी कि बीसीसीआई ने 30 मई से इंग्लैंड में होने वाले विश्वकप के लिए 15 सदस्य टीम की घोषणा कर दी है। टीम में सब कुछ तो सामान्य लगा, मगर ऋषभ पंत का ना चुना जाना और उनकी जगह पर दिनेश कार्तिक का चयन किया जाना सबसे हैरान कर देने वाला फैसला था। बीसीसीआई के इस फैसले की कई दिग्गज आलोचना भी कर चुके हैं क्योंकि ऋषभ पंत इस समय बेहतरीन फॉर्म में चल रहे थे। हालांकि अब दिनेश कार्तिक विश्व कप की टीम में चयनित हो चुके हैं। 12 साल बाद दिनेश कार्तिक का विश्व कप के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। मगर क्या महेंद्र सिंह धोनी के आगे दूसरे विकेटकीपर के तौर पर दिनेश कार्तिक को मौका मिल पाएगा ? यह सबसे बड़ा सवाल है।
कार्तिक ने वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना डेब्यू सितंबर 2004 में धोनी से 3 महीने पहले किया था। इसके बाद दिनेश कार्तिक को 2007 की विश्व कप टीम में जगह तो मिली थी। मगर वह टीम की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनने में नाकाम रहे। उसके बाद 2011 और 2015 के विश्व कप में दिनेश कार्तिक को भारतीय क्रिकेट टीम में नहीं चुना गया। अब 2019 में कार्तिक फिर से भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं। इस पर खुशी जताते हुए दिनेश कार्तिक ने कहा कि मैं इस बात को लेकर बहुत ही खुश हूं और अब मैं उस पड़ाव पर आ चुका हूं कि मुझे इस टीम का हिस्सा बनना था।
बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कार्तिक और ऋषभ पंत में से कार्तिक को चुने जाने को लेकर कहा कि कार्तिक का अनुभव ऋषभ पंत से कहीं ज्यादा है। जब टीम में महेंद्र सिंह धोनी और अनुपस्थित रहेंगे ऐसे में दिनेश कार्तिक अनुभव टीम के लिए काम आ सकता है। जबकि ऋषभ पंत अभी इतने अनुभवी नहीं हैं। इसी कारण ऋषभ पंत के आगे दिनेश को चुना गया।

