टीवी एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। गुरुवार को सिद्धार्थ का निधन हो गया था। कूपर अस्पताल के डॉक्टरों ने सिद्धार्थ की जांच की थी और करीब 10 बजकर 30 मिनट पर उन्हें ‘डेथ बिफोर अराइवल’ घोषित किया था। सिद्धार्थ की पीएम रिपोर्ट सामने आ गई है। लेकिन इस रिपोर्ट में मौत की वजह का पता नहीं चल सका है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार कैमिकल एनालिसिट के बाद ही एक्टर की मौत की असली वजह पता चल सकेगी।
3 डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम
सिद्धार्थ शुक्ला की मौत के बाद उनकी बॉडी का पोस्टमार्टम करने के लिए तीन डॉक्टरों की एक टीम गठित की गई थी। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया को वीडियो में रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार सिद्धार्थ को उनके परिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे कूपर अस्पताल लेकर आए थे। जांच में पता चला कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
डॉक्टरों ने जारी किया बयान
सिद्धार्थ शुक्ला की टीम की तरफ से एक बयान जारी किया गया है। जारी बयान में कहा गया- हम भी उतने ही सदमे में हैं, जितना आप सभी। हम चाहते हैं कि आप सभी इस कठिन समय में हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें और हमारे साथ खड़े रहें। सिद्धार्थ की पीआर टीम के रूप में हम सभी से अनुरोध करते हैं कि उनके परिवार को शोक करने दें। हम सब दर्द में हैं। सिद्धार्थ प्राइवेट पर्सन थे, इसलिए उनकी और उनके परिवार की प्राइवेसी का ध्यान रखे।
बता दें कि 40 साल के सिद्धार्थ को टीवी इंडस्ट्री के टॉप स्टार्स में से एक माना जाता था। सिद्धार्थ शुक्ला ने टीवी धारावाहिक ‘बालिका वधू’ में अभिनय से अपनी पहचान बनाई थी। शुक्ला फिट रहने के लिए जाने जाते थे और उन्होंने रियलिटी शो, ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 7‘ भी जीता था। उन्होंने ‘सावधान इंडिया‘ और ‘इंडियाज गॉट टैलेंट‘ को भी होस्ट किया।

