चैंपियंस ट्रॉफी में न्यूजीलैंड की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है और अपने दोनों शुरुआती मैच जीतने के बाद वह सेमीफाइनल की दहलीज पर पहुंच गई है। कीवी टीम ने पहले मेजबान पाकिस्तान को 60 रनों से हराया। इसके बाद 24 फरवरी को बांग्लादेश के साथ ग्रुप मुकाबला रावलपिंडी के मैदान पर मैच खेला गया, जिसमें उन्होंने 237 रनों के टारगेट का पीछा 46.1 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर कर लिया।
न्यूजीलैंड टीम की तरफ से रचिन रवींद्र ने कई मैचों के बाद वापसी करते हुए शानदार शतक लगाया, चो वहीं टॉम लाथम के बल्ले से भी 55 रनों की पारी देखने को मिली, जिसके दम पर वह अपने नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज करने में कामयाब रहे, जो इससे पहले वनडे फॉर्मेट में कोई बल्लेबाज करने में कामयाब नहीं हो सका था।
एकदिवसीय प्रारुप में टॉम लाथम पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने लगातार तीन पारियों में डक पर आउट होने के बाद अगली लगातार तीन पारियों में 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। लाथम की पिछली 6 एकदिवसीय पारियों को देखा जाए तो श्रीलंका, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के खिलाफ वह लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हुए थे।
इसके बाद उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ लगातार 2 मैचों में 56 और 118 रनों की नाबाद पारी खेली और अब बांग्लादेश के खिलाफ 55 रनों की पारी खेली। इन पारियों के दम पर अब वनडे में ये अद्भुत रिकॉर्ड बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला रविवार 2 मार्च को खेला जाएगा।
आखिरी में मुकाबले में तय होगी पॉजिशन
बता दें कि, कीवी टीम ने जहां चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लिया है तो वहीं उन्हें अभी ग्रुप-ए में अपना आखिरी मुकाबला खेलना बाकी है जो भारत के खिलाफ 2 मार्च को दुबई के मैदान पर होगा। इस मुकाबले के परिणाम से तय होगा कि भारत या न्यूजीलैंड कौन सी टीम ग्रुप-ए में टॉप पर रहेगी और कौन सी दूसरे नंबर पर क्योंकि दोनों ही टीमें अपनी जगह सेमीफाइनल के लिए पक्की कर चुकी हैं।