2 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर नवाज़उद्दीन सिद्दीक़ी की फ़िल्म सीरियस मेन रिलीज़ हो रही है। इस बार नवाज़ इस फिल्म में ना तो गैंगस्टर और ना ही पुलिस अफ़सर के रोल में दिखेंगे। नवाज़ एक निम्न मध्यमवर्गीय पिता बने हैं, जो अपने बेटे की बुद्धि को इस्तेमाल करके अपनी आसमान छूती हसरतों को पूरा करना चाहते है।
आर्थिक स्थिति पर कहानी बयां कर रही है फिल्म
वहीं, फिल्म का ट्रेलर नेटफ्लिक्स ने रिलीज कर दिया है। ट्रेलर दिलचस्प है और एक बार फिर नवाज़ की बेहतरीन अदाकरी का नमूना पेश करता है। समाज में विभिन्न वर्गों के बीच आर्थिक स्थिति कैसे सपनों को दिन पे दिन बड़ा करती जाती है, फ़िल्म उसी की कहानी बयां करती है। एक निम्न मध्यमवर्गीय पिता अपनी स्थिति से समझौता कर चुका है, मगर अगली पीढ़ी को अपने से आगे देखना चाहता है।
फिल्म की आप बीती
जैसे कि नवाज़ का ट्रेलर में एक संवाद भी है, उसके पिता पहली जनरेशन के थे, जो कभी स्कूल नहीं गये। वो दूसरी जनरेशन का है स्कूल गया भी और पढ़ा भी। उसका बेटा तीसरी जनरेशन का है, जो यह बताएगा कि निरोध पर डॉट क्यों होते हैं।
इनके नॉवल पर आधारित है फिल्म
अंडर करेंट ह्यूमर के साथ ‘सीरियस मेन’ एक इमोशनल ड्रामा फ़िल्म है, जो मनु जोसेफ के नॉवल पर आधारित फिल्म है। फ़िल्म एक पिता और उसके मेधावी बेटे की कहानी पर आधारित है। अपने जीनियस बेटे को मिली शोहरत के ज़रिए वो अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करना चाहता है। मगर, एक सीक्रेट भी है, जिसके खुलने के बाद सारा खेल बिगड़ सकता है। फ़िल्म का निर्देशन सुधीर मिश्रा ने किया है, जबकि कहानी भावेश मंडालिया के द्वारा लिखी गई है। फ़िल्म में नवाज़ के साथ अक्षत दास, श्वेता बसु प्रसाद और नासर मुख्य भूमिकाओं के रूप में नजर आएंगे। जिसमें फिल्म में इंदिरा तिवारी का यह डेब्यू है।




