हैदस सितंबर 2020 को हरियाणा के अंबाला हवाई अड्डे पर होने वाले समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राफेल को भारतीय वायुसेना में शामिल करेंगे। इस मौके पर फ्रांस के रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पैली को भी आमंत्रित किया जाएगा। इस समोरह का आयोजन केंद्रीय रक्षा मंत्री के रूस से वापसी के बाद होगा।
सूत्रों के मुताबिक 4 से 6 सितंबर तक रूस में राजनाथ सिंह शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में शामिल होने वाले हैं। वहां से उनकी वापसी के बाद दस सितंबर को औपचारिक रूप से राफेल को भारतीय वायुसेना में शामिल किया जाएगा।
फ्रांस के रक्षा मंत्री भी इस समारोह में होंगे शामिल
भारत और फ्रांस के दरमियान राजनीतिक दोस्ती को चिन्हित करने के मकसद से फ्रांस के रक्षा मंत्री को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। इन दो देशों के बीच के संबंध की बात करें तो, आज़ादी के बाद से ही भारत के लिए यूरोपियन देशों में फ्रांस ज़्यादा महत्व रखता है। काफी समय से यह दोनों देश आपस में दोस्ताना और नज़दीकी संबंध साझा करते आ रहे हैं। द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने तथा आर्थिक संचालकों के लाभ के लिए बाज़ार पहुंच जैसे मुद्दों के समाधान देने के लिए इन दोनों देशों ने सब से उचित रूपरेखा तैयार की है।
रक्षा के संबंध में इन दोनों देशों के बीच बहुत घनिष्ठ संबंध रहा है।भारत का मानना है कि फ्रांस सबसे विश्वस्त रक्षा साझेदारों में से एक है। रक्षा उपकरणों और उत्पादन में भी दोनों के दरमियान मजबूती नज़र आई है। रक्षा क्षेत्र में फ्रांस भारत की मेक इन इंडिया के तरफ़ अपनी प्रतिबद्धता जताता आया है।
राफेल लड़ाकू विमान पर एक नज़र
29 जुलाई 2020 को पांच राफेल लड़ाकू विमान फ्रांस से भारत पहुंचे और 24 घंटों के अंदर व्यापक प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया था। ये फ्रांसीसी लड़ाकू विमान वायु सेना के 17 गोल्डन एरो स्क्वाड्रन का हिस्सा हैं। बता दें कि लद्दाख क्षेत्र में लड़ाकू विमान पहले ही उड़ान भर चुके हैं। वे उन क्षेत्रों से परिचित हैं जिस पर उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में उड़ाया जाएगा। देश में जो पांच राफेल मौजूद हैं उनमें से तीन एक सीट वाले हैं और बाकी दो में दो सीटें हैं।
अपको बता दें कि भारत द्वारा लगभग 60,000 करोड़ रुपए की लागत से फ्रांस से 36 राफेल खरीदने का प्रबंध किया गया है। इसमें से ज़्यादातर भुगतान पहले से ही फ्रांसीसी फर्म डसॉल्ट एविएशन को किया जा चुका है।
अन्य खबरें पढ़ें सिर्फ यूथ एक्सप्रेस पर.