आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला दुबई के नेशनल स्टेडियम में खेला गया। यह मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया जिसमें भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 44 रनों से जीत हासिल की। भारत ने ग्रुप स्टेज के तीनों मुकाबले इसी मैदान पर खेले और तीनों मुकाबलों में स्कोर 250 पार नहीं हो सका है। अब स्लो पिच को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) बोर्ड के सीओओ सुभान अहमद ने इन सभी सवालों के जवाब दिए हैं। सुभान अहमद ने बताया कि चैंपियंस ट्रॉफी से ठीक पहले (UAE) में ILT 20 लीग खेली गई थी। जिसके 15 मुकाबले दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए। लेकिन जब सुरक्षा कारणों के चलते भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी के अपने सारे मैच इसी स्टेडियम में खेलने का फैसला किया था। तब हमने आईएलटी (ILT) 20 टूर्नामेंट के बीच में ही स्टेडियम की पिच को तैयार करने का काम शुरु कर दिया। यूएई (UAE) बोर्ड ने आगे बताया कि हमने पिचों के वर्कलोड को अच्छे से मैनेज किया है।
बता दें, दुबई में जब से चैंपियंस ट्रॉफी के मैच की शुरुआत हुई, तब से अब तक पिच काफी स्लो रही है। जिसकी वजह से बल्लेबाजों को लंबे शॉट लगाने में दिक्कत हो रही हैं। साथ ही स्पिन गेंदबाजों को इस पिच से बहुत मदद मिल रही है। तीनों स्टेज मुकाबलों में स्पिनर्स ने सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं।
इस मैदान पर पहला मैच भारत और बांग्लादेश के बीच खेला गया, जिसमें बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 228 रन बनाए। जिसके जवाब में भारत ने 46.3 ओवर में 4 विकेट पर 231 रन बनाकर बांग्लादेश को हराया। दूसरा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 241 रन का स्कोर बनाया। भारत ने अपने नए टारगेट का पीछा करते हुए 42.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 244 रन बनाकर अपनी जीत दर्ज की।
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला भारत ने न्यूजीलैंड के साथ खेला। इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 249 रनों का स्कोर खड़ा किया, जवाब में खेलने उतरी कीवी टीम 205 रनों पर ढेर हो गई। भारतीय स्पिनर 9 कीवी बल्लेबाजों को आउट करने में सफल रहे। इसके अलावा एक विकेट भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को मिला।