भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए दोनों टीमें तैयार है। रविवार 9 मार्च को दुबई के इंटरनेशनल स्टेडियम में यह फाइनल होना है। इस मैच में भारतीय टीम का पलड़ा भारी माना जा रहा है, जिसकी सबसे बड़ी वजह टीम इंडिया के गेंदबाजों का बेहतरीन फॉर्म में होना।
अब टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट में कुल 4 मुकाबले खेले हैं, जिसमें वह विरोधी टीम की पारी को समेटने में कामयाब रहे हैं। दुबई की पिच पर जहां स्पिन गेंदबाजों ने अपना कमाल दिखाया तो वहीं भारतीय टीम के तेज गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला जिसमें मोहम्मद शमी जो अब तक 4 मैच खेल चुके हैं, साथ ही वह 8 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में एक बार फिर से सभी की नजरें शमी के प्रदर्शन पर रहने वाली हैं।
बता दें कि, वनडे विश्वकप 2023 फाइनल के बाद वह चोटिल हो गए थे और एक साल से यादा के लंबे अंतराल के बाद मोहम्मद शमी मैदान पर वापसी कर रहे थे उनकी फिटनेस को लेकर सभी के मन में एक चिंता जरूर थी, लेकिन शमी ने पहले इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज और उसके बाद अब चैंपियंस ट्रॉफी में अपने प्रदर्शन से खुद की फिटनेस को भी साबित किया।
गेंदबाज शमी का वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड काफी बेहतरीन है, जिसमें उनका वनडे में गेंदबाजी औसत जहां 23.80 का है, तो वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ ये 19.72 का है। शमी ने अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में कुल 15 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 19.72 के औसत से कुल 37 विकेट हासिल किए हैं।
कुल 205 विकेट झटके
शमी इस दौरान 2 बार मैच में पांच-पांच विकेट हॉल लेने में कामयाब रहे हैं, तो वहीं एक बार चार विकेट भी ले चुके हैं। कीवी टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन वनडे विश्वकप में 57 रन देकर 7 विकेट है। शमी ने यह प्रदर्शन विश्वकप के सेमीफाइनल में किया था। ऐसे में एक बार फिर दोनों टीमें आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में आमने-सामने हैं। शमी अब तक 97 वनडे मुकाबलों में 205 विकेट हासिल कर चुके हैं।