इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीम के बीच आईसीसी विश्व कप के ऐतिहासिक मुकाबले की याद रविवार को एक बार फिर से ताजा हो गई। एक बार फिर से सुपर ओवर का रोमांच दर्शकों को देखने को मिला। आपको बता दें कि इस सुपर ओवर के मुकाबले में एक बार फिर से इंग्लैंड ने बाजी मारी।
5 मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को सुपर ओवर में हारकर ट्रॉफी 3-2 से अपने नाम की। इसे संयोग कहिए या कुछ और इस बार फिर से निराशा न्यूजीलैंड टीम के हिस्से में आयी।
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड का मुकाबला
बारिश की वजह से मुकाबले को 11-11 ओवर का कर दिया गया था। मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 146 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया था। जवाब में इंग्लैंड ने भी 11 ओवर में 146 रन का स्कोर ही बनाया। स्कोर बराबर होने के स्थिति में दोनों टीमों के बीच सुपर ओवर कराया गया। जहां इंग्लैंड ने 8 रन से बाजी मारी।
सुपर ओवर का रोमांच
इंग्लैंड के लिए सुपर ओवर में बल्लेबाजी करने आए कप्तान इयोन मॉर्गन और जॉनी बेयरस्टो ने दो छक्के जड़ते हुए 17 रन का स्कोर खड़ा किया। टिम साउदी के ओवर की दूसरी गेंद पर मॉर्गन ने जबरदस्त छक्का लगाया जबकि बेयरस्टो ने चौथी गेंद पर एक और छक्का जड़ दिया।
इंग्लैंड से मिले 17 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरे न्यूजीलैंड की तरफ से मार्टिन गुप्टिल ,सेईफेर्ट और डी ग्रांडहोम ने बल्लेबाजी की लेकिन क्रिस जॉर्डन ने उनको महज 8 रन ही बनाने दिया।
टाई हुआ था आखिरी टी20 मुकाबला
रविवार को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला गया। बरिश से बाधित हुए मुकाबले में, इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मार्टिन गुप्टिल और कॉलिन मुनरो की आतिशी पारी के बदौलत 11 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 146 रन बनाए।
गुप्टिल मुनरो की तूफानी पारी
मार्टिन गुप्टिल ने 20 गेंद पर 3 चौके और ताबड़तोड़ 5 छक्के के दम पर 50 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं कॉलिन मुनरो ने भी मात्र 21 गेंद पर 4 छक्के और 2 चौके लगांते हुए 46 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की आतिशी पारी ने सबका दिल जीत लिया था।
विश्व कप फाइनल हुआ था टाई
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी विश्व कप का फाइनल भी टाई हुआ था। इसके बाद सुपर ओवर कराने का फैसला लिया गया था। दोनों टीमों के बीच का सुपर ओवर भी टाई हुआ था और फिर मैच के दौरान ज्यादा चौके लगाने के आधार पर विजेता का फैसला लिया गया। जिसके चलते इंग्लैंड पहली बार विश्व कप जीतने में कामयाब हुआ। हालांकि तब आईसीसी के इस निर्णय की काफी आलोचना हुई थी।
